बैग चोरी हुआ तो कार लेकर चोर के पीछे भागा टूरिस्ट, टक्कर से हुई मौत... मिली 5 साल 9 महीने की जेल

ऑस्ट्रेलिया घूमने गए सिंगापुर के एक पर्यटक का बैग चोरी हो गया. एयरटैग की मदद से उसने चोर का पता लगाया और कार से उसका पीछा किया. इस दौरान कार की टक्कर से चोर की मौत हो गई.

Advertisement
अब अदालत ने पर्यटक को 5 साल 9 महीने जेल की सजा सुनाई है. ( Photo: ITG) अब अदालत ने पर्यटक को 5 साल 9 महीने जेल की सजा सुनाई है. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 06 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:23 AM IST

सोचिए, आप विदेश घूमने गए हों और वहां आपके साथ ऐसी घटना हो जाए कि छुट्टियां मनाने के बजाय जेल जाना पड़ जाए. ऑस्ट्रेलिया में एक सिंगापुर के टूरिस्ट के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. उसका बैग चोरी हो गया था. बैग में पासपोर्ट, आईपैड और पैसे रखे थे. जब उसे पता चला कि चोर बैग लेकर भाग गया है, तो उसने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. इस दौरान उसने अपनी कार से चोर की इलेक्ट्रिक साइकिल को टक्कर मार दी. चोर सड़क पर गिर गया और कार के नीचे आ गया. इस हादसे में उसकी मौत हो गई. अब अदालत ने पर्यटक को 5 साल 9 महीने जेल की सजा सुनाई है.

Advertisement

यह मामला सिंगापुर के 29 साल के लिंकन एनजी जिंग काई (Lincoln Ng Jing Kai) का है. वह मई 2024 में अपनी गर्लफ्रेंड और उसके परिवार के साथ 8 दिन की छुट्टियां मनाने ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर गया था. इस यात्रा के दौरान उसने अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज करने की भी योजना बनाई थी. 23 मई 2024 को सभी लोग ईस्ट विक्टोरिया पार्क इलाके में एक रेस्टोरेंट के पास अपनी किराए की कार खड़ी करके खाना खाने चले गए. कार की डिक्की में उनका एक बैग रखा था. इसमें पासपोर्ट, आईपैड, नकदी और एप्पल एयरटैग था. इसी दौरान मार्क जॉन बर्न्स नाम के एक शख्स की नजर उस बैग पर पड़ी. उसने कार की पिछली खिड़की तोड़ दी और बैग लेकर वहां से फरार हो गया.

एयरटैग से चोर तक पहुंचा परिवार
अगले दिन जब परिवार को चोरी का पता चला, तो उन्होंने बैग में लगे एयरटैग की मदद से उसकी लोकेशन पता की. इससे उन्हें जानकारी मिली कि बैग एक कंस्ट्रक्शन साइट के पास है. परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और खुद भी उस जगह पहुंच गया. वहां उन्होंने मार्क बर्न्स को इलेक्ट्रिक साइकिल चलाते हुए देखा. उसके पास वही बैग था, जो कार से चोरी हुआ था. इसके बाद लिंकन की गर्लफ्रेंड के पिता ने उसे चोर का पीछा करने के लिए कहा. लिंकन ने कार से उसका पीछा करना शुरू कर दिया. इस दौरान करीब 10 मिनट तक पर्थ के कार्लिस्ले इलाके की सड़कों पर यह पीछा चलता रहा. कार में मौजूद उसकी गर्लफ्रेंड का भाई लगातार पुलिस के संपर्क में था.

Advertisement

कार की टक्कर से साइकिल से गिरा चोर
पीछा करते हुए जब मार्क अपनी इलेक्ट्रिक साइकिल लेकर सड़क किनारे घास वाले हिस्से में पहुंचा, तो कार में पीछे बैठे किसी व्यक्ति ने लिंकन से साइकिल को हल्की टक्कर मारने के लिए कहा. इसके बाद लिंकन ने कार से साइकिल के पिछले पहिये में टक्कर मार दी. इससे मार्क सड़क पर गिर गया. बताया गया कि इसके बाद मार्क ने लिंकन को धमकी दी. लिंकन को लगा कि वह उस पर हमला कर सकता है. वह घबरा गया और उसने कार का एक्सीलेटर दबा दिया. लिंकन को लगा कि कार रिवर्स गियर में है, लेकिन कार आगे बढ़ने वाले गियर में थी. ऐसे में कार सीधे मार्क से टकरा गई और वह उसके नीचे फंस गया.

रिपोर्ट के मुताबिक, कार करीब 25 मीटर तक आगे बढ़ती रही और मार्क उसके अगले पहिये के नीचे फंसा रहा. आसपास मौजूद लोगों ने चिल्लाकर लिंकन को रोकने की कोशिश की. कुछ लोगों ने कार की खिड़की भी पीटी, लेकिन कार नहीं रुकी. बाद में लिंकन ने कार पीछे की और मार्क को बाहर निकाला. इसके बाद वह पुलिस के आने तक वहीं रुका रहा. मार्क को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

अदालत ने क्यों सुनाई जेल की सजा?
इस मामले में लिंकन पर शुरुआत में हत्या का आरोप लगाया गया था. हालांकि, अगस्त में उसने हत्या के बजाय गैर-इरादतन हत्या (Manslaughter) का अपराध स्वीकार कर लिया. 4 नवंबर 2026 को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के सुप्रीम कोर्ट ने उसे 5 साल 9 महीने जेल की सजा सुनाई. सुनवाई के दौरान जज टेरेंस पामर ने कहा कि लिंकन ने कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश की. जज ने माना कि लिंकन का इरादा मार्क को गंभीर चोट पहुंचाने या उसकी जान लेने का नहीं था. वह उस समय घबरा गया था और उसे लगा था कि मार्क उस पर हमला कर सकता है.

हालांकि, अदालत ने यह भी कहा कि लिंकन को यह समझना चाहिए था कि कार से इलेक्ट्रिक साइकिल पर सवार व्यक्ति का पीछा करना कितना खतरनाक हो सकता है. जज के मुताबिक, अगर मार्क से कोई खतरा था भी, तो वह इसलिए पैदा हुआ क्योंकि लिंकन कार से उसका पीछा कर रहा था. अदालत ने लिंकन की गर्लफ्रेंड के पिता की भूमिका पर भी विचार किया, जिन्होंने उसे चोर का पीछा करने के लिए कहा था. लेकिन जज ने साफ किया कि कार चला रहा व्यक्ति लिंकन था और स्थिति पर कंट्रोल भी उसी के हाथ में था.

Advertisement

सजा सुनाते समय इन बातों का भी रखा गया ध्यान
अदालत ने सजा तय करते समय लिंकन की कुछ बातों को उसके पक्ष में माना. उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था. उसने अपना अपराध स्वीकार किया और घटना को लेकर पछतावा भी जताया था. अदालत ने यह भी माना कि यह घटना उसके सामान्य व्यवहार से अलग थी और उसके सुधरने की संभावना है. लिंकन की सजा 24 मई 2024 से मानी जाएगी, जिस दिन उसे पहली बार हिरासत में लिया गया था. उसे 3 साल 9 महीने की सजा काटने के बाद पैरोल मिलने की संभावना होगी. इस तरह चोरी हुए बैग को वापस पाने की कोशिश में शुरू हुआ मामला एक व्यक्ति की मौत और पर्यटक को जेल की सजा मिलने तक पहुंच गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »