भीषण गर्मी में जहां लोग खुद ठंडी जगह ढूंढ रहे हैं, वहीं एक दुकानदार का छोटा सा कदम इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक दुकानदार ने आवारा कुत्तों के लिए अपनी दुकान के दरवाजे खोल दिए.
वीडियो में एक पूरी तरह भरी हुई दुकान के अंदर करीब नौ से दस कुत्ते आराम करते नजर आते हैं. कुछ फर्श पर लेटे हैं, जबकि दो कुत्ते मेज पर ही गोल होकर सो रहे हैं. इतनी संख्या होने के बावजूद दुकान में भीड़ या अफरा-तफरी जैसा कोई माहौल नहीं दिखता.
सबसे खास दिखी शांति
इस वीडियो की सबसे खास बात है वहां का सुकून. कुत्ते न भौंक रहे हैं, न इधर-उधर भाग रहे हैं. वे पूरी तरह शांत नजर आते हैं, जैसे उन्हें बाहर की तेज गर्मी से राहत मिल गई हो. बैकग्राउंड में कुछ लोग भी बैठे दिखाई देते हैं, जो बिना किसी परेशानी के अपने काम में लगे हैं.
देखें वायरल वीडियो
एक छोटा कदम, बड़ा असर
पोस्ट के कैप्शन में बताया गया कि दुकानदार ने गर्मी से बचाने के लिए कुत्तों को अंदर आने दिया. वे दुकान में ऐसे आराम कर रहे हैं, जैसे यह उनका अपना घर हो. यह कोई बड़ा रेस्क्यू नहीं, बल्कि रोजमर्रा की एक साधारण लेकिन असरदार इंसानियत का उदाहरण है.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी. कई लोगों ने इसे दिल छू लेने वाला और सुकून देने वाला बताया.यह घटना याद दिलाती है कि कभी-कभी छोटी-सी मदद भी बड़ी राहत बन जाती है.
aajtak.in