सचिन तेंदुलकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह गांव के बच्चों की बनाई गई एक अनोखी ‘देसी कार’ को देखकर काफी प्रभावित नजर आए. बच्चों की इस जुगाड़ गाड़ी ने सचिन को इतना हैरान कर दिया कि उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर उनसे बातचीत की और उनकी बनाई कार को करीब से देखा.
सचिन तेंदुलकर ने इस खास मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया. वीडियो में कुछ गांव के बच्चे अपनी कल्पना और जुगाड़ से बनाई गई छोटी कार जैसी गाड़ी चलाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पहियों के बीच लकड़ी लगाई गई थी और एक बच्चा उसके ऊपर बैठा था, जबकि दूसरा उसे धक्का देकर आगे बढ़ा रहा था. देखने में यह किसी छोटी कार जैसी लग रही थी और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था.
यह गाड़ी लकड़ी, लोहे की रॉड और पहियों की मदद से तैयार की गई थी. एक बच्चा उसके अंदर बैठा था, जबकि दूसरे बच्चे उसे धक्का देकर और खींचकर आगे बढ़ा रहे थे.
हालांकि यह गाड़ी बेहद साधारण थी, लेकिन उसकी डिजाइन और बच्चों की क्रिएटिविटी ने सचिन का ध्यान खींच लिया. वीडियो में सचिन बच्चों से बात करते, मुस्कुराते और उनकी इस देसी इनोवेशन की तारीफ करते नजर आते हैं.
देखें वीडियो
वीडियो शेयर करते हुए सचिन ने लिखा, “भारत के कई छिपे हुए कोनों में सफर करते हुए हमें एक ऐसी ‘कार’ देखने को मिली जो किसी शोरूम से नहीं, बल्कि कल्पना से बनी थी. ऐसा टैलेंट परफेक्ट परिस्थितियों का इंतजार नहीं करता, वह अपना रास्ता खुद बना लेता है. बस मौका मिलना चाहिए.”
सचिन की इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया. कई यूजर्स ने बच्चों की प्रतिभा और जुगाड़ की जमकर तारीफ की. कुछ लोगों ने इन बच्चों को “भविष्य के इंजीनियर” बताया, जबकि कुछ ने मजाक में कहा कि यह गाड़ी “कई असली कारों से ज्यादा माइलेज देती होगी.”
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो लोगों को यह याद दिला रहा है कि क्रिएटिविटी सिर्फ क्लासरूम या लैब में ही नहीं जन्म लेती. कई बार गांव की धूल भरी सड़कों पर भी कल्पना, मेहनत और टीमवर्क से ऐसे अनोखे आइडिया सामने आ जाते हैं, जो हर किसी का दिल जीत लेते हैं.
aajtak.in