अक्सर लोगों के मन में पुलिस को लेकर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग जैसी बातें सामने आती हैं. कई बार यह धारणा बन जाती है कि कानून का इस्तेमाल ताकतवर लोग अपने फायदे के लिए कर लेते हैं. लेकिन आज भी ऐसे कई पुलिस अधिकारी हैं, जो ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्य निभाते हैं और समाज के लिए मिसाल बनते हैं. इसी का एक ताजा उदाहरण पंजाब के लुधियाना से सामने आया है, जहां ट्रैफिक पुलिस अधिकारी गुरदेव सिंह की ईमानदारी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है.
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
पंजाब के लुधियाना में एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी गुरदेव सिंह की ईमानदारी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. दरअसल, उनकी बेटी की कार गलत पार्किंग के कारण ट्रैफिक पुलिस ने टो कर ली थी. बेटी ने अपने पिता को फोन करके उम्मीद की कि वह अपने पद का इस्तेमाल करके उसकी गाड़ी आसानी से छुड़वा देंगे. लेकिन एसीपी गुरदेव सिंह ने साफ मना कर दिया. उन्होंने अपनी बेटी से कहा कि अगर गलती की है, तो नियम के अनुसार जुर्माना भरना होगा और उसी तरीके से गाड़ी छुड़वानी होगी. उन्होंने यह भी कहा कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह आम इंसान हो या उनका अपना परिवार.
यह मामला तब और चर्चा में आया जब उन्होंने लुधियाना के खालसा कॉलेज में इस घटना का जिक्र किया. उनका कहना था कि उनका मकसद युवाओं को जागरूक करना है, क्योंकि आजकल कई लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते. उन्होंने अपनी बेटी का उदाहरण देकर समझाया कि गलती करने पर सजा मिलनी चाहिए, चाहे कोई भी हो. सोशल मीडिया पर लोग उनकी इस सोच और ईमानदारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारी समाज के लिए मिसाल होते हैं, जो अपने पद का गलत इस्तेमाल नहीं करते और सही संदेश देते हैं.
कमलजीत संधू