सोचिए, कोई शख्स ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर आए, घंटों तक अंगूठियां देखे और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये की हीरे की अंगूठी... जेब में नहीं, बल्कि सीधे निगल जाए. सुनने में यह किसी फिल्म का सीन लगता है, लेकिन लंदन में ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया.
बताया जा रहा है कि एक शख्स लंदन के मशहूर हैटन गार्डन इलाके की एक ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर पहुंचा. उसने करीब दो घंटे तक अलग-अलग डायमंड रिंग्स देखीं. दुकान के कर्मचारियों को लगा कि वह शादी के लिए अंगूठी पसंद कर रहा है, लेकिन असल में उसके इरादे कुछ और ही थे.
दुकान में मौजूद करीब 35 हजार पाउंड (करीब 40 लाख रुपये) कीमत की एक डायमंड एंगेजमेंट रिंग अचानक गायब हो गई. इस अंगूठी में बड़ा प्रिंसेस-कट हीरा लगा था, जबकि प्लैटिनम बैंड पर कई छोटे हीरे भी जड़े हुए थे.
जब दुकानदार ने अंगूठी के बारे में पूछा तो उस व्यक्ति ने खुद को पूरी तरह बेगुनाह बताया. वह गुस्सा करने लगा और यहां तक कह दिया कि उसके सभी पॉकेट चेक कर लिए जाएं. पहली नजर में किसी को उस पर शक भी नहीं हुआ.
लेकिन दुकान के मालिकों को कुछ गड़बड़ लगी. उन्होंने तुरंत दुकान का सीसीटीवी फुटेज देखा. वीडियो को कई बार देखने के बाद जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया. फुटेज में दिखाई दिया कि वह शख्स बेहद तेजी से अंगूठी को अपने मुंह में डालता है और फिर उसे निगल जाता है. इसके बाद वह आराम से दुकान से बाहर निकलने की कोशिश करता है, मानो कुछ हुआ ही न हो.
दुकान चलाने वाले 28 साल के जुनैद हसन ने बताया कि उन्हें आज भी यकीन नहीं होता कि कोई इतना बड़ा हीरे का रिंग निगल सकता है. उन्होंने कहा कि मैं तो बिना पानी के पैरासिटामोल तक नहीं निगल सकता. समझ नहीं आता कि उसने इतनी बड़ी अंगूठी कैसे निगल ली. यह उसके अंदर भी चोट पहुंचा सकती थी.
जुनैद के पिता सैयद हसन, जो उस समय ग्राहक को अंगूठियां दिखा रहे थे, ने बताया कि जैसे ही उन्हें अंगूठी गायब होने का एहसास हुआ, उन्होंने उस व्यक्ति से शांति से उसे लौटाने के लिए कहा। शुरुआत में वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा, लेकिन जब उसे पता चल गया कि सीसीटीवी में उसकी पूरी हरकत कैद हो चुकी है, तो उसका रवैया बदल गया.
इसके बाद उससे अंगूठी वापस करने को कहा गया. आखिरकार उसने अपनी उंगलियां गले में डालकर उल्टी की और निगली हुई हीरे की अंगूठी बाहर निकालकर लौटा दी. अंगूठी वापस मिलने के बाद हैटन गार्डन की सुरक्षा टीम उस व्यक्ति को दुकान से बाहर ले गई. ज्वेलरी शॉप के मालिकों का कहना है कि उन्होंने उसी दिन पुलिस को घटना की सूचना दी थी, हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि आरोपी बाद में गिरफ्तार हुआ या नहीं.
यह भी पढ़ें: 'सुहागरात कोच' के वायरल वीडियो पर उठा सवाल, रेलवे ने बताया- यह गलत नहीं
30 साल से ज्यादा समय से कारोबार कर रही इस ज्वेलरी शॉप के मालिकों का मानना है कि यह कोई शौकिया चोर नहीं, बल्कि पेशेवर अपराधी था. उनके मुताबिक, उसके मोबाइल फोन में पहले से एक दोस्त का नंबर भी तैयार था, ताकि जरूरत पड़ने पर वह दुकान वालों से उसे छोड़ देने की गुहार लगा सके.दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने यह घटना इसलिए साझा की है, ताकि दूसरे ज्वेलर्स भी ऐसे शातिर चोरों से सतर्क रह सकें.
aajtak.in