ब्रिटेन के PM बदलते ही क्यों चर्चा में आ जाती है ये बिल्ली? जानिए वजह

ब्रिटेन में प्रधानमंत्री बदलते रहे, लेकिन एक ऐसा 'सरकारी कर्मचारी' है, जिसकी कुर्सी आज तक नहीं हिली. उसका नाम है लैरी द कैट. अब एक बार फिर वह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.

Advertisement
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट की मशहूर बिल्ली लैरी. (Photo: X) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट की मशहूर बिल्ली लैरी. (Photo: X)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 23 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:26 PM IST

ब्रिटेन की राजनीति में इन दिनों फिर हलचल है. वजह है, देश को एक बार फिर नया प्रधानमंत्री मिलने वाला है. मौजूदा प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद नए पीएम की तलाश शुरू हो गई है. लेबर पार्टी में एंडी बर्नहम को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है. हालांकि इस राजनीतिक उठापटक के बीच सबसे ज्यादा चर्चा किसी नेता की नहीं, बल्कि एक बिल्ली की हो रही है.

Advertisement

यह बिल्ली है लैरी द कैट, जो पिछले 15 साल से ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट में अपनी 'ड्यूटी' निभा रही है. आइए जानते हैं कि आखिर लैरी कौन है, उसका काम क्या है और वह बार-बार सुर्खियों में क्यों आ जाती है.

कौन है लैरी द कैट?

लैरी कोई साधारण पालतू बिल्ली नहीं है. उसे आधिकारिक तौर पर Chief Mouser to the Cabinet Office की जिम्मेदारी दी गई है. यानी उसका काम 10 डाउनिंग स्ट्रीट स्थित प्रधानमंत्री आवास और कैबिनेट कार्यालय में चूहों पर नजर रखना और उन्हें नियंत्रित करना है.

6 प्रधानमंत्रियों को आते-जाते देख चुका है लैरी

लैरी को साल 2011 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डेविड कैमरून के कार्यकाल में 10 डाउनिंग स्ट्रीट लाया गया था. तब से लेकर अब तक वह थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस, ऋषि सुनक और कीर स्टार्मर समेत कुल छह ब्रिटिश प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल का गवाह बन चुका है. प्रधानमंत्री बदलते रहे, लेकिन लैरी की पोस्ट कभी नहीं बदली.

Advertisement

सोशल मीडिया पर क्यों हो रही है चर्चा?

प्रधानमंत्री पद में बदलाव की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर लोग मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि ब्रिटेन का सबसे स्थिर सरकारी अधिकारी लैरी ही है. दूसरे ने लिखा कि प्रधानमंत्री आते-जाते रहते हैं, लेकिन लैरी हमेशा अपनी पोस्ट पर बना रहता है. कई लोगों ने मजाक में कहा कि अब लैरी अपने सातवें प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहा है.

लैरी को ही क्यों चुना गया?

साल 2011 में 10 डाउनिंग स्ट्रीट में चूहों की बढ़ती समस्या की खबरें सामने आई थीं. इसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री डेविड कैमरून के कार्यकाल में वहां एक ऐसी बिल्ली लाने का फैसला किया गया, जो चूहों को पकड़ सके.

लैरी को लंदन के Battersea Dogs & Cats Home नाम के एनिमल शेल्टर से गोद लिया गया था. वहां उसके व्यवहार और शिकार करने की क्षमता को देखते हुए उसे 10 डाउनिंग स्ट्रीट के लिए चुना गया.

हालांकि शुरुआती दिनों में उसकी चूहे पकड़ने की क्षमता को लेकर मजाक भी उड़ाया गया, लेकिन बाद में उसे कई बार चूहों का शिकार करते हुए देखा गया. धीरे-धीरे वह सिर्फ चूहे पकड़ने वाली बिल्ली नहीं, बल्कि ब्रिटिश राजनीति का एक लोकप्रिय चेहरा बन गया.

अपना सोशल मीडिया अकाउंट भी है

Advertisement

लैरी डाउनिंग स्ट्रीट के सबसे चर्चित 'स्टाफ' में गिना जाता है. उसके नाम से @Number10cat नाम का सोशल मीडिया अकाउंट भी चलता है, जहां उससे जुड़े पोस्ट नियमित रूप से साझा किए जाते हैं. डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर अक्सर उसकी तस्वीरें कैमरों में कैद होती रहती हैं. कई बार वह विदेशी नेताओं के स्वागत के दौरान भी नजर आ चुका है.

क्यों खास है लैरी?

ब्रिटेन में सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन लैरी पिछले 15 साल से अपनी जगह पर कायम है. यही वजह है कि वह अब सिर्फ एक बिल्ली नहीं, बल्कि ब्रिटिश राजनीति का एक दिलचस्प और चर्चित प्रतीक बन चुका है. सोशल मीडिया पर लोग उसे ब्रिटेन का सबसे 'स्थायी सरकारी कर्मचारी' तक कहने लगे हैं. इसलिए जब भी प्रधानमंत्री बदलने की चर्चा होती है, लैरी द कैट एक बार फिर सुर्खियों में आ जाता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »