करवा चौथ के बाद लोग सोशल मीडिया पर अपने पार्टनर के साथ और चांद को देखते हुए फोटो पोस्ट कर रहे हैं, इसमें कई सेलेब्स के नाम भी शामिल हैं. इसी बीच, एक गर्ल्स हॉस्टल का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि कुछ लड़कियां करवा चौथ का फेस्टिवल सेलिब्रेट कर रही है. बताया जा रहा है कि ये वीडियो किसी गर्ल्स हॉस्टल का है और लड़कियां करवा चौथ मनाती नजर आ रही हैं. खास बात यह है कि यहां चांद देखने के साथ-साथ कुछ लड़कियां वीडियो कॉल पर अपने बॉयफ्रेंड का चेहरा देखकर भी रस्म निभाती दिखाई दे रही हैं.
वीडियो में कई लड़कियां एक साथ खड़ी नजर आती हैं. किसी के हाथ में पूजा की थाली है तो कोई छलनी लेकर चांद देखने की तैयारी कर रही है. छलनी में जलता हुआ दिया रखा गया है. लड़कियां पहले छलनी से चांद की ओर देखती हैं और फिर पूजा करती दिखाई देती हैं. इस दौरान वहां करवा चौथ के पारंपरिक माहौल की झलक भी देखने को मिलती है.
वीडियो का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब नजर आता है, जब कुछ लड़कियां छलनी से चांद देखने के बाद मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल करती हैं. वे कॉल पर अपने बॉयफ्रेंड का चेहरा देखकर करवा चौथ की रस्म निभाती दिखाई देती हैं. यानी चांद के साथ-साथ मोबाइल स्क्रीन पर भी किसी का दीदार हो रहा है. इस दौरान कुछ लड़कियां पूजा की थाली लेकर खड़ी हैं तो कुछ अपनी बारी का इंतजार करती नजर आती हैं.
वीडियो देखकर लोग हो रहे हैरान?
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं. कुछ यूजर्स के लिए यह नजारा बिल्कुल अलग है, क्योंकि आमतौर पर करवा चौथ को शादीशुदा महिलाओं के व्रत के तौर पर देखा जाता है. वहीं, कुछ लोग इसे बदलते दौर में रिश्तों और त्योहार मनाने के नए अंदाज से जोड़कर देख रहे हैं.
हालांकि, इस वीडियो को लेकर अभी कुछ बातें स्पष्ट नहीं हैं. यह किस शहर के हॉस्टल का है और कब रिकॉर्ड किया गया, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. सोशल मीडिया पर इसे गर्ल्स हॉस्टल का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वैसे, शादी से पहले बॉयफ्रेंड के लिए करवा चौथ का व्रत रखना कोई बिल्कुल नई बात नहीं है. फिलहाल, वायरल वीडियो ने एक बार फिर करवा चौथ मनाने के पारंपरिक तरीके और बदलते सामाजिक तौर-तरीकों को लेकर चर्चा छेड़ दी है.
aajtak.in