न्यूयॉर्क को दुनिया के सबसे बड़े सपनों का शहर कहा जाता है. हर साल लाखों लोग बेहतर करियर, ऊंची सैलरी और नए अवसरों की तलाश में यहां पहुंचते हैं. फाइनेंस, टेक, मीडिया और स्टार्टअप सेक्टर में नौकरी करने वालों के लिए यह दुनिया के सबसे आकर्षक शहरों में गिना जाता है. लेकिन क्या सिर्फ अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी ही न्यूयॉर्क में टिके रहने के लिए काफी है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पिछले 10 साल से न्यूयॉर्क में रह रहे एक भारतीय ने इस सवाल का जवाब दिया है. उनका कहना है कि इस शहर में सिर्फ पैसा कमाना ही काफी नहीं, बल्कि मानसिक तौर पर मजबूत, आत्मविश्वास और लगातार मेहनत करने का जज्बा भी होना चाहिए.
'... यह शहर आपको तोड़ देगा'
वीडियो में भारतीय पर्यटक कुणाल दत्त न्यूयॉर्क में रहने वाले एक भारतीय से बातचीत करते हैं. इस दौरान वह पूछते हैं कि क्या इस शहर की तेज रफ्तार जिंदगी लोगों को अकेलापन महसूस करा सकती है.
इस पर वह व्यक्ति जवाब देता है कि अगर आप खुद से खुश नहीं हैं और अपने काम से संतुष्ट नहीं हैं, तो न्यूयॉर्क जैसे शहर में रहना मानसिक रूप से बेहद मुश्किल हो सकता है.ये शहर आपको तोड़ देगा.
उनके मुताबिक, यहां हर तरफ लोग तेजी से आगे बढ़ते नजर आते हैं. ऐसे में कई लोगों को लगता है कि वे दूसरों से पीछे छूट रहे हैं. यही सोच धीरे-धीरे मानसिक दबाव बढ़ा सकती है.
'न्यूयॉर्क में टिकना है तो हसलर बनना पड़ेगा'
उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में वही लोग लंबे समय तक टिक पाते हैं, जो लगातार मेहनत करने और नए अवसर तलाशने के लिए तैयार रहते हैं. उनके शब्दों में न्यूयॉर्क में टिके रहना है तो हसलर बनना पड़ेगा.
उन्होंने बताया कि उनके मुताबिक 23 से 36 साल की उम्र वह दौर होता है, जब इंसान के पास सबसे ज्यादा ऊर्जा होती है. उनका मानना है कि इसी समय सबसे ज्यादा मेहनत करनी चाहिए, क्योंकि यही उम्र खुद को बनाने और करियर की मजबूत नींव रखने की होती है.
आखिर 'हसलर' का मतलब क्या है?
हसलर ऐसे व्यक्ति को कहा जाता है, जो अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करता है. नए अवसर खोजता है और चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करता है. भारतीय ने वीडियो में न्यूयॉर्क में सफल होने की अहम शर्त बताया गया है.
न्यूयॉर्क में रहना इतना महंगा क्यों माना जाता है?
न्यूयॉर्क दुनिया के सबसे महंगे शहरों में शामिल है. यहां किराया, रेस्तरां, परिवहन और रोजमर्रा के कई खर्च अमेरिका के दूसरे शहरों की तुलना में काफी ज्यादा हो सकते हैं. यही वजह है कि अच्छी सैलरी होने के बावजूद कई लोगों के लिए बचत करना आसान नहीं होता.
वीडियो में कुणाल दत्त भी बताते हैं कि अच्छे रेस्तरां में दो लोगों का लंच आसानी से 100 से 150 डॉलर तक पहुंच सकता है. अगर इंडियन रूपये में माने तो लगभग 10 से 15 हजार के बीच है ये.
यह भी पढ़ें: नॉर्वे की नौकरी ने बदल दी सोच, भारतीय कर्मचारी बोला- 'अब समझ आया, जिंदगी क्या होती है'
क्यों छोड़ देते हैं लोग न्यूयॉर्क?
बातचीत के दौरान भारतीय निवासी ने बताया कि कई लोग करियर की शुरुआत न्यूयॉर्क से करते हैं, लेकिन शादी, बच्चों और बड़ा घर खरीदने प्लानिंग बनने के बाद वे आसपास के उपनगरों या दूसरे राज्यों में शिफ्ट हो जाते हैं.
उनके मुताबिक, फ्लोरिडा और टेक्सास जैसे राज्यों में रहना न्यूयॉर्क में रहने के मुकाबले थोड़ा सस्ता है. इसी वजह से कई लोग कुछ साल न्यूयॉर्क में बिताने के बाद वहां बसना पसंद करते हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस अनुभव से सहमति जताई. कुछ यूजर्स ने लिखा कि न्यूयॉर्क की तेज रफ्तार जिंदगी हर किसी के लिए नहीं होती. वहीं, कुछ लोगों का कहना था कि यही ऊर्जा, प्रतिस्पर्धा और अवसर इस शहर को दुनिया के सबसे खास शहरों में शामिल करते हैं.
बड़े शहर में करियर बनाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
करियर विशेषज्ञ अक्सर सलाह देते हैं कि किसी भी बड़े शहर में नौकरी चुनते समय सिर्फ सैलरी पर ध्यान नहीं देना चाहिए. रहने का खर्च, वर्क-लाइफ बैलेंस, मानसिक स्वास्थ्य, सपोर्ट सिस्टम और भविष्य की योजना जैसे पहलुओं पर भी विचार करना जरूरी है.
aajtak.in