फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में जापान और नीदरलैंड्स के बीच 2-2 के रोमांचक ड्रॉ के बाद टोक्यो की मशहूर शिबुया क्रॉसिंग पर हजारों फुटबॉल प्रशंसक जश्न मनाने पहुंचे. हाथों में झंडे, नारों की गूंज और बारिश के बीच उत्साह का माहौल था. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लोगों का जश्न नहीं, बल्कि उनका अनुशासन चर्चा का विषय बन गया.
ग्रीन लाइट जलते ही बदल गया पूरा नजारा
वीडियो में देखा जा सकता है कि रेड सिग्नल के दौरान हजारों लोग सड़क पर खड़े होकर अपनी टीम की हौसलाअफजाई कर रहे हैं. कोई झंडा लहरा रहा है तो कोई नारे लगा रहा है.
लेकिन जैसे ही ट्रैफिक सिग्नल हरा होता है, पूरा हुजूम बिना किसी हंगामे के कुछ ही सेकंड में सड़क खाली कर देता है. देखते ही देखते गाड़ियां सामान्य रूप से चलने लगती हैं और शिबुया क्रॉसिंग फिर से अपनी रोजमर्रा की रफ्तार में लौट आती है.
देखें वायरल वीडियो
लोग बोले- जश्न भी, जिम्मेदारी भी
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग जापानी प्रशंसकों की जमकर तारीफ कर रहे हैं.एक यूजर ने लिखा कि इसे ही नागरिक जिम्मेदारी कहते हैं.दूसरे ने कहा कि जश्न मनाइए, लेकिन दूसरों की परेशानी की कीमत पर नहीं.कई लोगों ने लिखा कि नियमों का पालन करना और उत्सव मनाना, दोनों साथ-साथ चल सकते हैं और जापान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया.
मैच में भी दिखाया दम
यह जश्न जापान के फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले के बाद मनाया गया. टेक्सास में खेले गए मैच में जापान दो बार पिछड़ने के बावजूद हार नहीं माना.टीम ने 89वें मिनट में गोल कर 2-2 की बराबरी हासिल की और शानदार वापसी करते हुए एक महत्वपूर्ण अंक अपने नाम किया.
पहले भी जीत चुका है दुनिया का दिल
यह पहली बार नहीं है जब जापानी फुटबॉल प्रशंसकों ने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा हो.पिछले कई फीफा वर्ल्ड कप में भी जापानी फैंस मैच खत्म होने के बाद स्टेडियम की सीटों के आसपास पड़ा कचरा खुद उठाकर साफ करते नजर आए थे. उनके इस व्यवहार की खिलाड़ियों, आयोजकों और दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों ने खूब सराहना की थी.
क्यों वायरल हो रहा है वीडियो?
सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि यह वीडियो सिर्फ फुटबॉल का नहीं, बल्कि नागरिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है.जहां एक ओर हजारों लोग अपनी टीम की सफलता का जश्न मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक नियमों का सम्मान करते हुए कुछ ही सेकंड में सड़क खाली कर देना लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित कर रहा है. शायद यही वजह है कि यह वीडियो दुनिया भर में तेजी से शेयर किया जा रहा है.
aajtak.in