जेल जाने के डर से लोग क्या-क्या नहीं करते, लेकिन चीन के एक शख्स ने जो किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में सजा से बचने के लिए उसने पहले अपनी मौत का पूरा नाटक रचा, ताबूत खरीदा, घर में दवाइयों की खाली बोतलें बिखेर दीं और फिर परिवार की मदद से अपना ही अंतिम संस्कार करवा दिया. लेकिन कुछ छोटी-छोटी गलतियों ने उसकी पूरी चालाकी पर पानी फेर दिया और आखिरकार वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला चीन के हेनान प्रांत के आनयांग शहर का है. यहां रहने वाले सी नाम के व्यक्ति को पिछले साल जनवरी में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह पहले भी दो बार बिना लाइसेंस के नशे की हालत में गाड़ी चलाने के मामले में पकड़ा जा चुका था. बाद में उसे जांच पूरी होने तक जमानत पर छोड़ दिया गया.
जेल से बचने के लिए रची मौत की साजिश
चीन के कानून के मुताबिक, शराब पीकर गाड़ी चलाना खतरनाक ड्राइविंग की श्रेणी में आता है. इसके लिए ड्राइविंग लाइसेंस रद्द हो सकता है, एक से छह महीने तक जेल और जुर्माने की सजा भी हो सकती है. सी को डर था कि अगर उसे जेल हो गई तो भारी कर्ज और पुराने मामलों की वजह से उसकी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी. इसलिए उसने खुद को 'मरा हुआ' साबित करने की योजना बना डाली.
ताबूत खरीदा, दवाइयां बिखेरीं और खुद को ठंडा कर लिया
पिछले साल जून में उसने पहले से एक ताबूत खरीद लिया. फिर घर में दवाइयों की खाली बोतलें फैला दीं, ताकि लगे कि उसने ओवरडोज लेकर आत्महत्या कर ली है. इतना ही नहीं, उसने अपनी सांस रोककर और शरीर को ठंडा करने वाले उपकरणों की मदद से खुद को मृत जैसा दिखाने की कोशिश की. परिवार वालों ने कहानी बनाई कि ज्यादा दवाइयां खाने की वजह से उसका चेहरा बिगड़ गया है, इसलिए उसे चादर से ढक दिया गया.
रात होने से पहले कर दिया अंतिम संस्कार
शाम होने से पहले उसकी मां और दादी ने जल्दबाजी में ताबूत को दफना दिया. दूसरी तरफ, सी चुपचाप वहां से भागकर दक्षिण-पश्चिम चीन के युन्नान प्रांत पहुंच गया, जहां उसने नई पहचान के साथ काम तलाशना शुरू कर दिया.जब पुलिस को उसकी मौत की सूचना मिली तो अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ताबूत दफनाया जा चुका था, इसलिए शव की जांच नहीं हो सकी.
यहीं से पुलिस को हुआ शक
पुलिस को शुरुआत से ही कुछ बातें अजीब लगीं. परिवार ने बीमार होने पर अस्पताल ले जाने की कोशिश ही नहीं की. मौत से पहले ही ताबूत खरीद लिया गया था. न अस्पताल का डेथ सर्टिफिकेट मिला, न शव के अंतिम संस्कार का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड और न ही सरकारी दस्तावेजों में उसकी मौत दर्ज कराई गई थी.
गांव वालों और रिश्तेदारों ने भी बताया कि शव का चेहरा किसी को नहीं दिखाया गया. सिर्फ उसकी मां और दादी ने ही उसे देखा था. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल फोन रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए. जांच में साफ हो गया कि सी जिंदा है और फरार होकर कहीं छिपा हुआ है. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार इस साल अप्रैल में उसे युन्नान से गिरफ्तार कर लिया.
जेल भी हुई, जुर्माना भी लगा
गिरफ्तारी के बाद अदालत ने सी को पांच महीने की जेल और 20 हजार युआन करीब 2 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना सुनाया. यही नहीं, 11 जून को पुलिस ने उसकी मां और दादी के खिलाफ भी अपराधी को छिपाने और कानून से बचाने में मदद करने के आरोप में आपराधिक जांच शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: टेक ऑफ होते ही खिड़की टूटी, प्लेन से बाहर आधा लटका पैसेंजर
मामला सामने आने के बाद यह खबर चीन के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. इसे एक करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है. इस मामले की जांच कर रहे सरकारी अभियोजक ने कहा कि कानून से बचने के लिए अपनी मौत का नाटक करना बेकार है. इससे सजा से बचा नहीं जा सकता, बल्कि नए आपराधिक मामले भी दर्ज हो सकते हैं.
aajtak.in