सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो अपलोड होते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो सीधे लोगों के दिल तक पहुंच जाते हैं. इन दिनों अरुणाचल प्रदेश की तीन बहनों का एक ऐसा ही वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है. बिना किसी महंगे कैमरे, रिकॉर्डिंग स्टूडियो या म्यूजिक सेटअप के इन बहनों ने बॉलीवुड के सुपरहिट गाने 'सुभान अल्लाह' को अपनी आवाज में गाया और देखते ही देखते लाखों लोगों का दिल जीत लिया.
कौन हैं ये तीन बहनें?
ये तीनों बहनें इंस्टाग्राम पर सिंगका वांगजेन नाम से अपना अकाउंट चलाती हैं. वे अक्सर बॉलीवुड और दूसरे लोकप्रिय गानों के कवर वीडियो शेयर करती हैं. उनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि उनके ज्यादातर वीडियो अरुणाचल प्रदेश की खूबसूरत पहाड़ियों, हरियाली और धुंध से ढके प्राकृतिक नजारों के बीच रिकॉर्ड किए जाते हैं. यही प्राकृतिक माहौल और उनकी सादगी लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रही है.
'सुब्हान अल्लाह' गाने ने बनाया इंटरनेट सेंसेशन
इस बार तीनों बहनों ने रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' के मशहूर गाने 'सुब्हान अल्लाह' को अपनी आवाज दी. वीडियो में एक बहन हाथ में स्पीकर लेकर ओरिजिनल गाना चलाती है और उसके साथ गाना शुरू करती है. बाकी दोनों बहनें सुर में सुर मिलाते हुए गाती हैं और हल्के-फुल्के डांस से परफॉर्मेंस को और खूबसूरत बना देती हैं.उनकी मासूम मुस्कान, बिना किसी दिखावे की प्रस्तुति और पहाड़ों के बीच गूंजती आवाज ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
देखें वीडियो
24 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 24 लाख (2.4 मिलियन) से ज्यादा बार देखा जा चुका है. हजारों लोग कमेंट कर तीनों बहनों की तारीफ कर रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, "इनकी आवाज सीधे दिल तक पहुंचती है." वहीं दूसरे ने कहा, "इतनी प्यारी आवाज सुनकर पूरा गाना बार-बार सुनने का मन करता है." कई लोगों ने तो यहां तक लिखा कि इन बहनों को बॉलीवुड में गाने का मौका मिलना चाहिए.
सिर्फ आवाज नहीं, सादगी भी जीत रही दिल
सोशल मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि आज के दौर में जहां ज्यादातर वीडियो महंगे कैमरों और एडिटिंग से बनाए जाते हैं, वहीं इन तीनों बहनों ने सिर्फ अपनी आवाज और सादगी के दम पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया. यही वजह है कि उनका वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है.
लगातार बढ़ रही फैन फॉलोइंग
तीनों बहनों के इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिलहाल करीब 65 हजार फॉलोअर्स हैं. हालांकि, वायरल वीडियो के बाद उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. उनके पुराने म्यूजिक कवर भी बड़ी संख्या में देखे जा रहे हैं और भारत ही नहीं, दूसरे देशों के लोग भी उनकी आवाज की तारीफ कर रहे हैं.
महंगे सेट, चमक-दमक और बड़े प्रोडक्शन के दौर में अरुणाचल प्रदेश की इन तीन बहनों ने यह साबित कर दिया कि अगर टैलेंट सच्चा हो, तो उसे पहचान दिलाने के लिए किसी बड़े मंच की जरूरत नहीं पड़ती.
aajtak.in