Best Waterfalls in Rajasthan: जब भी राजस्थान का नाम आता है, तो सबसे पहले किले, महल और रेगिस्तान की तस्वीर आंखों के सामने आती है. लेकिन बारिश के मौसम में राजस्थान का एक बिल्कुल अलग और खूबसूरत रूप देखने को मिलता है. मानसून के दौरान अरावली की पहाड़ियां हरियाली से ढक जाती हैं और कई झरने पूरे वेग से बहने लगते हैं. ऐसे में अगर आप बारिश के मौसम में राजस्तान घूमने का प्लान बना रहे हैं तो वहां के खूबसूरत वॉटरफॉल को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल करना न भूलें.
भीमलत वॉटरफॉल, बूंदी
बूंदी जिले में स्थित भीमलत वॉटरफॉल मानसून के दौरान सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पर्यटन स्थलों में से एक है. लगभग 60 मीटर की ऊंचाई से गिरता पानी और चारों ओर फैली हरियाली इस जगह की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देती है. यहां ट्रैकिंग, फोटोग्राफी और प्रकृति के बीच सुकून भरा समय बिताने का अलग ही मजा है.
मेनाल वॉटरफॉल, चित्तौड़गढ़
चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा के बीच स्थित मेनाल वॉटरफॉल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और प्राचीन मंदिरों के लिए जाना जाता है. बारिश के मौसम में यहां पानी का तेज बहाव देखने लायक होता है. अगर आप इतिहास को करीब से जानना चाहते हैं और नेचर के साथ वक्त बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपके लिए बेस्ट रहेगी.
गौमुख वॉटरफॉल, चित्तौड़गढ़
चित्तौड़गढ़ किले के पास स्थित गौमुख वॉटरफॉल धार्मिक और प्राकृतिक महत्व दोनों रखता है. यहां सालभर पानी बहता रहता है लेकिन मानसून के दौरान इसकी खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. आसपास का शांत वातावरण और ऐतिहासिक विरासत इस जगह को खास बनाते हैं.
दमोह वॉटरफॉल, उदयपुर
उदयपुर के पास अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित दमोह वॉटरफॉल बारिश के मौसम में बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. हरियाली, ठंडी हवाएं और बहते पानी का नजारा यहां आने वाले पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं. वीकेंड ट्रिप के लिए यह एक शानदार जगह मानी जाती है.
ध्रूड़िया वॉटरफॉल, माउंट आबू
राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन, माउंट आबू, अपने भीतर कई प्राकृतिक रहस्य समेटे हुए है, जिनमें से एक है ध्रूड़िया झरना. घने और हरे-भरे जंगलों के बीच छिपा यह खूबसूरत वॉटरफॉल प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. इस झरने तक पहुंचने के लिए ट्रैकिंग करनी पड़ती है जो इस सफर को और भी रोमांचक बना देती है.
वॉटरफॉल घूमने जाएं तो इन बातों का रखें ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क