Perfect Places to Visit in Monsoon: बारिश का मौसम घूमने-फिरने के लिए सबसे बेहतरीन माना जाता है. इस दौरान देश की कई खूबसूरत जगहों की प्राकृतिक सुंदरता और भी निखर जाती है. कहीं बादलों से ढकी वादियां मन मोह लेती हैं तो कहीं बारिश से लबालब झीलें और झरने आपका दिल जीत लेते हैं. अगर आप इस मानसून यादगार ट्रिप का प्लान बना रहे हैं तो भारत में ऐसी कई जगह है, जहां आप परिवार या दोस्तों के साथ सुकून भरा समय बिता सकते हैं.
गोवा
गोवा सिर्फ बीच पार्टी के लिए ही नहीं, बल्कि मानसून में शांत और सुकून भरी छुट्टियां बिताने के लिए भी बेहतरीन जगह है. बारिश के दौरान यहां के समुद्र तट, नारियल के पेड़ और पुर्तगाली शैली की इमारतें बेहद आकर्षक लगते हैं. इस मौसम में भीड़ भी कम रहती है, जिससे आप आराम से घूमने का आनंद ले सकते हैं.
केरल
मानसून में केरल की खूबसूरती अपने चरम पर होती है. हरियाली से भरे बैकवॉटर, शांत समुद्र तट, चाय के बागान और हाउसबोट की सैर इस यात्रा को खास बना देते हैं. यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक बारिश के मौसम में केरल पहुंचते हैं.
मेघालय
मेघालय को 'बादलों का घर' भी कहा जाता है. बारिश के मौसम में यहां के झरने, लिविंग रूट ब्रिज, हरी-भरी पहाड़ियां और बादलों से घिरी वादियां किसी जादुई दुनिया जैसा एहसास कराती हैं. अगर आप प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं, तो मेघालय एक बेहतरीन ऑप्शन है.
राजस्थान
राजस्थान को अक्सर रेगिस्तान और ऐतिहासिक किलों के लिए जाना जाता है लेकिन बारिश के मौसम में यहां का नजारा बिल्कुल बदल जाता है. जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और जैसलमेर जैसे शहर हरियाली और ठंडे मौसम के साथ और भी खूबसूरत नजर आते हैं. दिल्ली-एनसीआर से यहां आसानी से बजट ट्रिप प्लान की जा सकती है.
दार्जिलिंग
पश्चिम बंगाल का दार्जिलिंग मानसून में और भी खूबसूरत हो जाता है. चाय के बागानों पर छाया कोहरा, भीगी पत्तियों की खुशबू और ठंडी हवाएं यहां आने वाले पर्यटकों को अलग ही अनुभव देती हैं. मॉल रोड पर बारिश के बीच चाय की चुस्की आपकी यात्रा को यादगार बना देगी.
कोंकण तट
महाराष्ट्र से गोवा तक फैला कोंकण तट बारिश के मौसम में बेहद मनमोहक दिखाई देता है. हरे-भरे धान के खेत, समुद्र तट, पहाड़ियां और पुराने किले यहां की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. रोड ट्रिप के शौकीनों के लिए यह शानदार डेस्टिनेशन है.
कर्नाटक का कूर्ग
कर्नाटक का कूर्ग मानसून में हरियाली से भर जाता है. कॉफी के बागान, झरने, पहाड़ और ठंडा मौसम इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाते हैं. यही वजह है कि इसे भारत का 'स्कॉटलैंड' भी कहा जाता है.
लद्दाख
अगर आप एडवेंचर के साथ प्रकृति की खूबसूरती का आनंद लेना चाहते हैं तो मानसून में लद्दाख भी घूम सकते हैं. यहां की ऊंची-ऊंची पहाड़ियां, शांत झीलें और मनमोहक नजारे आपको एक अलग ही दुनिया का एहसास कराते हैं. हालांकि, ट्रैवल से पहले वहां के मौसम और सड़कों की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें.
असम का माजुली
असम का माजुली दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप माना जाता है. मानसून के दौरान यहां की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता देखने लायक होती है. अगर आप भीड़-भाड़ से दूर शांत जगह की तलाश में हैं तो माजुली एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है.
पुडुचेरी
अगर आप समुद्र किनारे सुकून भरी छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो पुडुचेरी जरूर जाएं. बारिश के मौसम में यहां का शांत माहौल, फ्रेंच शैली की गलियां और खूबसूरत बीच इस जगह को और भी खास बना देते हैं.
मानसून ट्रिप पर जाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क