Best Weekend Getaways from Delhi: अक्टूबर का महीना घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. मानसून के बाद मौसम सुहाना होने लगता है और दिन में घूमना भी पहले के मुकाबले आसान हो जाता है. ऐसे में अगर आपको इस महीने लॉन्ग वीकेंड मिल रहा है और आप दिल्ली से कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो बहुत दूर जाने की जरूरत नहीं है. दिल्ली से लगभग 5 घंटे की दूरी पर कई ऐसी जगहें हैं, जहां आप कम समय में पहुंचकर प्रकृति, इतिहास, वाइल्डलाइफ और एडवेंचर का मजा ले सकते हैं.
अगर आप परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ छोटी ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो ये जगहें आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती हैं. तो आइए जानते हैं दिल्ली से करीब 5 घंटे की दूरी पर मौजूद इन जगहों के बारे में, जहां अक्टूबर के सुहाने मौसम में लॉन्ग वीकेंड का मजा लिया जा सकता है.
ऋषिकेश
दिल्ली से ऋषिकेश सड़क के रास्ते से लगभग 5 घंटे में पहुंचा जा सकता है. अक्टूबर में यहां मौसम सुहाना रहता है, इसलिए घूमने के साथ आउटडोर एक्टिविटीज का भी मजा लिया जा सकता है. शाम के समय गंगा आरती देखना यहां का खास अनुभव है. इसके अलावा आप रिवर राफ्टिंग, कैंपिंग और ऋषिकेश के कैफे एक्सप्लोर कर सकते हैं. अगर आप कुछ दिन शहर की भागदौड़ से दूर सुकून से बिताना चाहते हैं, तो ऋषिकेश अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
जिम कॉर्बेट
अगर आपको प्रकृति और वाइल्डलाइफ पसंद है, तो जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्लान बना सकते हैं. दिल्ली से यहां पहुंचना भी आसान है और अक्टूबर में जंगल के आसपास का माहौल काफी अच्छा लगता है. यहां जंगल सफारी के दौरान अलग-अलग तरह के वन्यजीव देखने का मौका मिल सकता है. इसके अलावा शांत वातावरण और हरियाली के बीच समय बिताना भी आपको पसंद आएगा.
आगरा
अगर लॉन्ग वीकेंड में कम समय की ट्रिप करना चाहते हैं तो आगरा अच्छा ऑप्शन है. दिल्ली से ट्रेन के जरिए आगरा आसानी से पहुंचा जा सकता है. यहां आप दुनिया के मशहूर स्मारकों में शामिल ताजमहल देखने के साथ आगरा किला और मेहताब बाग भी घूम सकते हैं. अक्टूबर के सुहाने मौसम में इन ऐतिहासिक जगहों को एक्सप्लोर करना ज्यादा आरामदायक हो सकता है. ट्रिप के दौरान आगरा का मशहूर पेठा और मुगलई खाना भी जरूर ट्राई करें.
जयपुर
अक्टूबर के सुहाने मौसम में जयपुर घूमना भी एक अच्छा विकल्प है. दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए जयपुर आसानी से पहुंचा जा सकता है. पिंक सिटी अपने भव्य किलों, महलों, रंग-बिरंगे बाजारों और राजस्थानी संस्कृति के लिए मशहूर है. यहां आप आमेर किला, सिटी पैलेस और हवा महल घूम सकते हैं. इसके अलावा लोकल मार्केट में शॉपिंग और राजस्थानी खाने का स्वाद भी ले सकते हैं.
अलवर
राजस्थान घूमने का मन है लेकिन जयपुर की भीड़ से बचना चाहते हैं तो अलवर जा सकते हैं. दिल्ली से कम दूरी पर होने की वजह से यह लॉन्ग वीकेंड के लिए अच्छा ऑप्शन है. यहां आपको किले, महल, झील और ऐतिहासिक जगहें देखने को मिलेंगी. आप बाला किला, सिटी पैलेस और सिलीसेढ़ झील घूम सकते हैं. अगर आपको वाइल्डलाइफ पसंद है तो सरिस्का भी जा सकते हैं. हालांकि सरिस्का सफारी के लिए अलग से समय और बजट रखना होगा.
अक्टूबर में क्यों बनाएं इन जगहों का प्लान?
अक्टूबर में मानसून के बाद मौसम में ठंडक महसूस होने लगती है और कई जगहों पर हरियाली भी देखने को मिलती है. ऐसे में दिल्ली से बहुत दूर जाए बिना लॉन्ग वीकेंड का मजा लिया जा सकता है. हालांकि ट्रिप पर निकलने से पहले मौसम, होटल और ट्रांसपोर्ट की जानकारी जरूर ले लें. लॉन्ग वीकेंड पर भीड़ बढ़ सकती है, इसलिए बुकिंग पहले से करना बेहतर रहेगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क