WhatsApp में आए 4 बड़े फीचर, अब हमेशा के लिए Pin होगा मैसेज, ग्रुप में भी लगा सकेंगे Status

WhatsApp ने 4 नए फीचर्स पेश किए हैं जो ग्रुप मैसेजिंग एक्सपीरिएंस को शानदार कर सकते हैं. ग्रुप मैसेज में कई तरह की लिमिटेशन्स थीं, अब नए फीचर्स से ये सॉल्व हो जाएगी.

Advertisement
WhatsApp में आए नए फीचर्स WhatsApp में आए नए फीचर्स

आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:03 PM IST

WhatsApp इस्तेमाल करने वाले करोड़ों लोगों के लिए कंपनी ने एक बड़ा अपडेट पेश किया है. खास बात यह है कि इस बार कंपनी ने ग्रुप चैट को पहले से ज्यादा उपयोगी बनाने पर ध्यान दिया है. अब किसी जरूरी मैसेज को बिना समय सीमा के पिन किया जा सकेगा. अगर कोई नया सदस्य ग्रुप में जुड़ने के बाद पुरानी बातचीत देखना चाहता है, तो उसे बाद में भी हाल के मैसेज भेजे जा सकेंगे. इतना ही नहीं, अब किसी खास WhatsApp ग्रुप के सदस्यों के साथ अलग से स्टेटस भी शेयर कर पाएंगे.

Advertisement

WhatsApp ने ग्रुप चैट के लिए कुल चार नए फीचर पेश किए हैं. इनमें हमेशा के लिए मैसेज पिन करने, पुराने मैसेज शेयर करने, ग्रुप स्टेटस और मेंशन व रिप्लाई के लिए नया फिल्टर शामिल है. इन बदलावों का मकसद उन लोगों की परेशानी कम करना है, जो परिवार, दोस्तों और ऑफिस के कई WhatsApp ग्रुप में जुड़े रहते हैं. अक्सर जरूरी जानकारी सैकड़ों मैसेज के बीच दब जाती है और किसी नए मेंबर्स को पुरानी बातचीत समझने में परेशानी होती है. कंपनी के नए फीचर इसी समस्या को दूर करने की कोशिश हैं.

WhatsApp ग्रुप में जरूरी मैसेज कभी नहीं हटेगा Pin से

WhatsApp ग्रुप में कोई जरूरी जानकारी शेयर होने के बाद उसे ढूंढना कई बार मुश्किल हो जाता है. मान लीजिए किसी फैमिली ग्रुप में शादी का पता, ऑफिस ग्रुप में मीटिंग का लिंक या दोस्तों के ग्रुप में घूमने का पूरा प्लान शेयर किया गया है. कुछ ही घंटों में सैकड़ों नए मैसेज आ जाते हैं और जरूरी जानकारी पीछे छूट जाती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: सावधान! आपको भी आ रहा WhatsApp पर कमाई करने का मैसेज? पुलिस ने बताया सच

इसी परेशानी को दूर करने के लिए WhatsApp ने मैसेज पिन करने का नया विकल्प दिया है. अब यूजर किसी जरूरी मैसेज को बिना किसी समय सीमा के पिन करके रख सकेंगे. पहले मैसेज पिन करने के लिए 24 घंटे, 7 दिन या 30 दिन जैसी समय सीमा चुननी पड़ती थी. समय पूरा होने के बाद मैसेज को दोबारा पिन करना पड़ता था.

नए अपडेट के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी. ग्रुप में पिन किया गया जरूरी मैसेज तब तक ऊपर दिखाई दे सकता है, जब तक उसे हटाया नहीं जाता. इससे ग्रुप के सदस्यों को जरूरी जानकारी के लिए बार-बार पुरानी चैट में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

ग्रुप में जुड़ने के बाद भी देख सकेंगे पुरानी बातचीत

WhatsApp का दूसरा फीचर उन लोगों के लिए काफी काम का है, जिन्हें किसी ग्रुप में बाद में जोड़ा जाता है. अभी तक अक्सर ऐसा होता है कि किसी नए सदस्य को ग्रुप में जोड़ दिया जाता है, लेकिन उसे यह पता नहीं होता कि उससे पहले ग्रुप में क्या बातचीत हुई थी. ऐसे में उसे दूसरे सदस्यों से जानकारी मांगनी पड़ती है या पुराने मैसेज के स्क्रीनशॉट मंगाने पड़ते हैं.

Advertisement

WhatsApp ने इस परेशानी का भी समाधान निकाला है. अब अगर कोई व्यक्ति ग्रुप में जुड़ने के बाद पुरानी बातचीत देखना चाहता है, तो ग्रुप के दूसरे सदस्य उसे हाल के मैसेज भेज सकेंगे. इसके लिए ग्रुप चैट में उस सदस्य के नाम पर टैप करके मैसेज हिस्ट्री शेयर करने का विकल्प इस्तेमाल किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: 1 जनवरी से WhatsApp चलाने का तरीका बदलेगा! फोन में SIM नहीं तो हो सकती है परेशानी

इस फीचर की खास बात यह है कि इसके लिए नए सदस्य को दोबारा ग्रुप से हटाकर जोड़ने की जरूरत नहीं होगी. पहले ग्रुप में किसी नए सदस्य को जोड़ते समय ही हाल की चैट हिस्ट्री शेयर करने का विकल्प मिलता था. अब यह काम सदस्य के जुड़ने के बाद भी किया जा सकेगा.

अब WhatsApp ग्रुप के लिए अलग से शेयर कर सकेंगे Status

तीसरा फीचर WhatsApp इस्तेमाल करने के तरीके को थोड़ा बदल सकता है. अभी तक यूजर अपना स्टेटस चुनिंदा कॉन्टैक्ट या कॉन्टैक्ट की तय प्राइवेसी लिस्ट के साथ शेयर कर सकते हैं. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि कोई फोटो या वीडियो सिर्फ किसी खास ग्रुप के लोगों को दिखाना होता है.

उदाहरण के लिए, आप दोस्तों के ग्रुप में घूमने की फोटो शेयर करना चाहते हैं, लेकिन वही फोटो परिवार या ऑफिस के लोगों को नहीं दिखाना चाहते. नए Group Status फीचर से यह काम आसान हो जाएगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Meta स्मार्ट ग्लास का कैमरा चुपके से सुन रहा था बातचीत, बिना बोले करने लगा रिकॉर्ड

अब यूजर किसी खास WhatsApp ग्रुप के सदस्यों के लिए अलग से स्टेटस शेयर कर सकेंगे. उस ग्रुप के सभी सदस्य स्टेटस देख पाएंगे, उस पर रिएक्शन दे सकेंगे और अपना स्टेटस भी शेयर कर सकेंगे. यह सामान्य WhatsApp Status की तरह ही काम करेगा और 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाएगा.

इस फीचर का फायदा यह है कि यूजर को हर बार अपनी स्टेटस प्राइवेसी सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अलग-अलग ग्रुप के लिए अलग अपडेट शेयर करना आसान होगा.

अब ग्रुप में आपका नाम आने पर मैसेज ढूंढना होगा आसान

WhatsApp का चौथा फीचर उन लोगों के लिए खास है, जो कई ग्रुप में जुड़े रहते हैं. कई बार किसी ग्रुप में लगातार मैसेज आते रहते हैं. इस दौरान कोई आपको टैग करता है या आपके पुराने मैसेज का जवाब देता है, लेकिन आपको पता ही नहीं चलता. बाद में पूरी चैट खोलकर ऐसे मैसेज ढूंढना मुश्किल हो जाता है.

इस परेशानी को दूर करने के लिए WhatsApp ने Mentions and Replies नाम का नया फिल्टर दिया है. इसकी मदद से यूजर उन ग्रुप चैट को अलग से देख सकेंगे, जहां उन्हें टैग किया गया है या उनके किसी मैसेज का जवाब आया है.

Advertisement

इसमें @all के जरिए भेजे गए मैसेज भी दिखाई देंगे. यानी अगर किसी ग्रुप में कोई सदस्य सभी लोगों को एक साथ टैग करके जरूरी जानकारी शेयर करता है, तो उसे ढूंढना आसान होगा.

इसका सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जो ऑफिस, परिवार, सोसायटी और दोस्तों के कई ग्रुप में एक साथ एक्टिव रहते हैं. अब उन्हें हर ग्रुप की पूरी बातचीत पढ़ने की जरूरत नहीं होगी. वे सीधे उन मैसेज पर ध्यान दे सकेंगे, जिनमें उनसे जुड़ी कोई बात कही गई है.

Android और iPhone दोनों पर मिलेंगे नए फीचर

WhatsApp ने इन चारों फीचर को Android और iPhone यूजर्स के लिए जारी करना शुरू कर दिया है. हालांकि, कंपनी इन्हें धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचा रही है. इसलिए संभव है कि कुछ लोगों को ये फीचर तुरंत दिखाई दें, जबकि दूसरे यूजर्स को इनके लिए कुछ और समय इंतजार करना पड़े.

यूजर्स अपने फोन में WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन अपडेट रख सकते हैं. अपडेट उपलब्ध होने पर नए फीचर धीरे-धीरे अकाउंट में दिखने लगेंगे. फिलहाल सभी यूजर्स के लिए इनकी उपलब्धता की एक तय तारीख नहीं बताई गई है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »