Vivo अपना नया स्मार्टफोन S2 FE बिक्री के लिए ला रहा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत 10,000mAh की बैटरी है, जो आम स्मार्टफोन में मिलने वाली बैटरी से काफी बड़ी है. फोन की बिक्री 20 अक्टूबर से शुरू होगी और इसकी शुरुआती कीमत 38,999 रुपये रखी गई है.
Vivo S2 FE को कंपनी ने ऐसे लोगों के लिए पेश किया है जो फोन पर लंबे समय तक वीडियो देखते हैं, गेम खेलते हैं या सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या सिर्फ बड़ी बैटरी के दम पर यह फोन करीब 40 हजार रुपये खर्च करने लायक बन जाता है? आइए इसकी कीमत, फीचर्स और उन बातों को समझते हैं जिन्हें खरीदने से पहले जानना जरूरी है.
Vivo S2 FE की कीमत और बिक्री की तारीख
Vivo S2 FE दो वेरिएंट में आएगा. इसके 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 38,999 रुपये है, जबकि 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले मॉडल के लिए 42,999 रुपये देने होंगे. फोन की बिक्री 20 अक्टूबर से Vivo की वेबसाइट, Flipkart, Amazon और चुनिंदा रिटेल स्टोर पर शुरू होगी.
फोन तीन रंगों में उपलब्ध होगा, जिनके नाम Stellar Green, Zen White और Titan Black हैं. कंपनी ने ऑनलाइन खरीदारी पर चुनिंदा बैंक कार्ड के साथ 10 फीसदी तक की तत्काल छूट, 10 फीसदी तक एक्सचेंज बोनस या 12 महीने तक नो कॉस्ट EMI ऑप्शन है.
10,000mAh बैटरी, लेकिन कितना चलेगा फोन?
Vivo S2 FE की सबसे बड़ी बात इसकी 10,000mAh की बैटरी है. कंपनी के मुताबिक, यह भारत में Vivo की अब तक की सबसे बड़ी स्मार्टफोन बैटरी है. तुलना के लिए, कई आम स्मार्टफोन में करीब 5,000mAh की बैटरी मिलती है. यानी यहां बैटरी की कैपेसिटी लगभग दोगुनी है.
कंपनी का एक और दावा है कि बैटरी 1,400 चार्जिंग साइकल के बाद भी अपनी शुरुआती कैपेसिटी का कम से कम 80 फीसदी बनाए रख सकती है. Vivo ने लैब टेस्ट के आधार पर इसे करीब सात साल के इस्तेमाल के बराबर बताया है.
क्या हैं फीचर्स
फोन में 6.83 इंच की AMOLED स्क्रीन दी गई है, जिसका रिजॉल्यूशन 1.5K है. इसमें 120Hz तक की रिफ्रेश रेट और 2,000 निट्स तक की बताई गई ब्राइटनेस मिलती है. इससे वीडियो देखने, ऐप चलाने और स्क्रीन पर स्क्रॉल करने का अनुभव बेहतर हो सकता है.
Vivo S2 FE में पीछे की तरफ 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा और 2 मेगापिक्सल का दूसरा कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है. फोन में AI बेस्ड फोटो एडिटिंग फीचर भी दिए गए हैं, जिनकी मदद से तस्वीरों में मौजूद कुछ अनचाही चीजों को हटाया जा सकता है.
फोन में MediaTek Dimensity 7300e प्रोसेसर है. यह 5G कनेक्टिविटी के साथ आता है और रोजमर्रा के काम, सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग तथा सामान्य गेमिंग के लिए बनाया गया है. फोन में 44W फास्ट चार्जिंग, OriginOS 6 और IP68/IP69 रेटिंग भी मिलती है.
32 घंटे का रिकॉर्ड, क्या है इसकी कहानी?
Vivo ने S2 FE के साथ एक खास रिकॉर्ड का भी जिक्र किया है. कंपनी के मुताबिक, इस फोन से जुड़े मॉडल ने इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद की सबसे लंबी टेस्टिंग लाइवस्ट्रीम का Guinness World Records खिताब हासिल किया, जो 32 घंटे 37 मिनट तक चली.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क