सरकारी एजेंसी CERT-in ने Tata Motors के कनेक्टेड कार ऐप्स को लेकर जारी की चेतावनी, समझें कार हैकिंग

सरकारी एजेंसी CERT-in ने टाटा मोटर्स के कुछ ऐप्स को लेकर चेतावनी जारी की है. घबराने की बात नहीं है, लेकिन अगर इसे हल्के में लिया तो भारी नुकसान हो सकता है. सवाल ये है कि क्या कार भी हैक हो सकती है? आइए जानते हैं.

Advertisement
टाटा मोटर्स के ऐप्स में मिली खामियां टाटा मोटर्स के ऐप्स में मिली खामियां

आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:11 PM IST

कार हैकिंग कोई नई बात नहीं है. कनेक्टेड कार हैक होने का खतरा बना रहता है. कई ऐसी घटनाएं देखने को मिली हैं जहां दूर बैठा हैकर किसी कार को अनलॉक कर सकता है. कई बार तो ऐसे भी हुआ है कि साइबर क्रिमिनल्स दूर से कार हैक करके उसे खराब तक कर देते हैं. 

आजकल कार की चाबी सिर्फ जेब में नहीं रहती, बल्कि स्मार्टफोन में भी होती है. फोन से कार की लोकेशन देख सकते हैं, कार हेल्थ की जानकारी ले सकते हैं और कुछ मॉडल में दूर बैठे ही कई फीचर्स कंट्रोल कर सकते हैं. लेकिन अगर यही ऐप सुरक्षित न हो, तो आपकी कार से जुड़ी निजी जानकारी और डिजिटल सर्विसेज खतरे में पड़ सकती हैं.

Advertisement

भारत की सरकारी साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Tata Motors के दो कनेक्टेड-कार ऐप्स में चार सुरक्षा खामियों को लेकर वॉर्निंग जारी की है. ये ऐप हैं Tata Motors iRA 2.0 और iRA.ev. एजेंसी के मुताबिक, इन खामियों का फायदा उठाकर कोई अटैकर यूजर की पहचान बन सकता है, सेंसिटिव जानकारी हासिल कर सकता है और ऐप से जुड़ी कुछ सेवाओं तक इलिगल पहुंच बना सकता है. ध्यान देने वाली बात ये है कि ये सिक्योरिटी खामी टाटा कार्स में नहीं, बल्कि ऐप्स में मिली हैं. 

यह भी पढ़ें: हैकिंग का नया तरीका: प्रॉम्प्ट इंजेक्शन अटैक! AI से कराई जा रही है हैकिंग, ChatGPT में आया लॉकडाउन मोड

CERT-In ने इन खामियों को 'High' यानी गंभीर श्रेणी में रखा है. अच्छी बात यह है कि एजेंसी ने इनके सल्यूशन के लिए ऐप के नए वर्जन भी बताए हैं. ऐसे में अगर आप Tata Motors की कनेक्टेड कार इस्तेमाल करते हैं, तो फोन में मौजूद ऐप का वर्जन चेक करना जरूरी है.

Advertisement

किन Tata Motors ऐप्स में मिली हैं खामियां?

CERT-In की 4 नवंबर 2026 की एडवाइजरी के मुताबिक, iRA 2.0 के वर्जन 26.7.3 और उससे पुराने वर्जन प्रभावित नहीं हैं. वहीं iRA.ev के वर्जन 26.7.2 और उससे पुराने वर्जन में भी ये सुरक्षा खामियां मौजूद हैं.

iRA 2.0 Tata Motors की पेट्रोल और डीजल कारों के लिए कनेक्टेड-कार ऐप है, जबकि iRA.ev इलेक्ट्रिक कारों के लिए बनाया गया है. इन ऐप्स के जरिए यूजर अपनी कार से जुड़ी कई जानकारियां फोन पर देख सकते हैं. इनमें गाड़ी की स्थिति, उसकी सेहत, ट्रिप की जानकारी और कुछ रिमोट कमांड शामिल हैं.

यानी मामला सिर्फ मोबाइल ऐप में मौजूद सामान्य जानकारी का नहीं है. इन ऐप्स का कार से जुड़ी डिजिटल सेवाओं तक भी पहुंच है. इसी वजह से सुरक्षा में मिली खामियां अहम हो जाती हैं.

हैकर्स कैसे बना सकते हैं आपकी पहचान?

CERT-In ने चार अलग-अलग तरह की सुरक्षा खामियों की पहचान की है. पहली खामी ऐप के अंदर ही कुछ जरूरी डिजिटल जानकारियां रखे जाने से जुड़ी है. इनमें सर्विस अकाउंट के लॉगिन क्रेडेंशियल, API Keys और ऑथराइजेशन टोकन शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: फ्रांस के ब्लड बैंक पर हैकर्स का हमला, फ्रीजर की सेटिंग -30 से 110 डिग्री तक बदली, खून उबलने का खौफ

Advertisement

आसान भाषा में समझें तो ऐप और कंपनी के सर्वर के बीच बातचीत के लिए कुछ डिजिटल Keyes का इस्तेमाल होता है. अगर ये कीज ऐप के अंदर से निकाली जा सकें, तो अटैकर उनका गलत इस्तेमाल करके कंपनी की बैकएंड सर्विसेज तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है. CERT-In के मुताबिक, इस तरीके से सेंसिटिव जानकारी तक इलिगल पहुंच या कुछ गलत ऑपरेशन किए जाने का खतरा है.

क्या है WebView जहां मिली खामी? 

दूसरी खामी ऐप के WebView फीचर से जुड़ी है. WebView वह टेक है जिसके जरिए कोई ऐप अपने अंदर ही वेब पेज या ऑनलाइन कंटेंट दिखा सकता है. CERT-In के मुताबिक, ऐप यह जांचने में एनफ सावधानी नहीं बरत रहा था कि कौन-सा वेब पेज और किस सोर्स से आया कंटेंट खोला जा रहा है.

इसका फायदा उठाकर साइबर अटैकर यूजर तक गलत वेब कंटेंट पहुंचा सकता है. इससे वह लाइव ऑथेंटिकेशन टोकन हासिल करने की कोशिश कर सकता है. यह टोकन एक तरह का डिजिटल पास होता है, जिससे ऐप या सर्वर को पता चलता है कि यूजर की पहचान पहले ही सत्यापित हो चुकी है. अगर कोई दूसरा व्यक्ति इस टोकन का गलत इस्तेमाल कर ले, तो वह असली यूजर बनकर उसकी कुछ सर्विसेज तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है.

TATA Motors का बयान

Advertisement

'Tata Motors अपने ग्राहकों की सुरक्षा और उनकी निजी जानकारी की सुरक्षा को बेहद गंभीरता से लेती है. साइबर सुरक्षा को मजबूत रखने के लिए हम लगातार अपने सिस्टम की जांच करते रहते हैं, ताकि किसी भी संभावित कमी का समय रहते पता लगाया जा सके. हम CERT-In के साथ मिलकर काम करते हैं और जरूरी जानकारियां उसके साथ साझा करते हैं.'

'iRA 2.0 और iRA.ev ऐप में जिन सुरक्षा खामियों की पहचान की गई थी, उन्हें सॉफ्टवेयर अपडेट और सुरक्षा के नए उपायों के जरिए ठीक कर दिया गया है. CERT-In की सलाह के अनुसार, दोनों ऐप के नए वर्जन अनिवार्य रूप से अपडेट किए गए हैं. iRA 2.0 का वर्जन 26.8.2 अगस्त 2026 में और iRA.ev का वर्जन 26.9.1 सितंबर 2026 में जारी किया गया था'

'जब यूजर इन ऐप्स को खोलते हैं, तो उन्हें नए वर्जन को अपडेट करने का नोटिफिकेशन मिलता है. यह अपडेट इंटरनेट के जरिए कुछ ही मिनटों में पूरा किया जा सकता है. सभी सक्रिय यूजर्स के लिए अपडेट जारी करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. जो ग्राहक अभी तक ऐप अपडेट नहीं कर पाए हैं, Tata Motors उनसे खुद संपर्क कर रही है, ताकि वे भी नए और सुरक्षित वर्जन पर आ सकें'

Advertisement

कंपनी की जांच में सामने आया है कि ग्राहकों का डेटा और गाड़ियों से जुड़ी जानकारी सुरक्षित है. कंपनी को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि किसी ने बिना अनुमति ग्राहकों के लॉगिन विवरण, निजी जानकारी या गाड़ियों से जुड़े डेटा तक पहुंच बनाई हो या उनमें सेंध लगाई हो. ग्राहकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए कंपनी अपने सिस्टम की लगातार निगरानी कर रही है.

ऐप के लॉग में खामी

तीसरी खामी ऐप के लॉग से जुड़ी है. ऐप में डेवलपमेंट और टेस्टिंग के दौरान कुछ ऐक्टिविटीज का रिकॉर्ड रखा जाता है. CERT-In के मुताबिक, इन लॉग में ऑथेंटिकेशन टोकन भी दर्ज हो रहे थे. अगर किसी हमलावर को इन लॉग तक पहुंच मिल जाए, तो वह इन टोकन का गलत इस्तेमाल कर यूजर की पहचान अपना सकता है.

यह भी पढ़ें: CERT-In को मिला पावरफुल AI Mythos, सरकारी पोर्टल को मिलेगी फुल सिक्योरिटी, हैकर्स की नो एंट्री

क्या है SSL सर्टिफिकेशन पिनिंग?

चौथी खामी ऐप और कंपनी के सर्वर के बीच होने वाली बातचीत की सिक्योरिटी से जुड़ी है. इसे SSL Certificate Pinning कहा जाता है. इसका काम यह मेक श्योर करना है कि ऐप सही और भरोसेमंद सर्वर से ही जुड़ रहा है. CERT-In ने पाया कि इस सुरक्षा व्यवस्था को ठीक से लागू नहीं किया गया था. ऐसी स्थिति में नेटवर्क ट्रैफिक को बीच में रोक पाने वाला अटैकर ऐप और सर्वर के बीच होने वाली कॉन्वर्सेशन को पढ़ने या उसमें बदलाव करने की कोशिश कर सकता है.

Advertisement

क्या हैकर्स आपकी कार का लॉक खोल सकते हैं या उसे चला सकते हैं?

यह इस खबर का सबसे अहम सवाल है. CERT-In ने चेतावनी दी है कि इन खामियों का फायदा उठाकर अटैकर यूजर की पहचान बनाकर व्हीकल से जुड़ी जानकारी और सर्विसेज तक इलिगल पहुंच हासिल कर सकते हैं. एजेंसी ने ऐप के जरिए मिलने वाले रिमोट कमांड और वाहन से जुड़ी सेवाओं का भी जिक्र किया है.

लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि हैकर्स ने Tata Motors की कारों का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया है या वे सड़क पर चलती कार को दूर से चला सकते हैं. एडवाइजरी में ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की गई है. यह सुरक्षा खामियों से पैदा होने वाले संभावित खतरे की चेतावनी है.

क्या डेटा चोरी हुआ?

इसी तरह, अभी उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह भी नहीं कहा जा सकता कि किसी ग्राहक का डेटा चोरी हुआ है या किसी कार को इन खामियों के जरिए नुकसान पहुंचाया गया है. CERT-In ने संभावित जोखिम बताए हैं, किसी सफल हमले की पुष्टि नहीं की है.

यह भी पढ़ें: सावधान! हैकर्स का नया हथियार बना AI, बैंकों को बना रहे निशाना, क्या सेफ हैं आपका बैंक खाता?

फिर भी खतरे को हल्के में नहीं लेना चाहिए. आज कार के ऐप में लोकेशन, ट्रिप और वाहन की स्थिति जैसी जानकारियां मिलती हैं. कुछ सेवाओं के जरिए कार को दूर से कंट्रोल करने की सुविधा भी होती है. ऐसे में किसी दूसरे व्यक्ति का यूजर की पहचान बनाकर इन सेवाओं तक पहुंचना निजता और सुरक्षा, दोनों के लिए चिंता की बात है.

Advertisement

Tata कार मालिक अभी क्या करें?

CERT-In ने प्रभावित ऐप्स को अपडेट करने की सलाह दी है. एजेंसी के मुताबिक, Tata Motors iRA 2.0 को वर्जन 26.8.2 और iRA.ev को वर्जन 26.9.1 पर अपडेट करना चाहिए.

अगर आपके फोन में iRA 2.0 ऐप है, तो उसका वर्जन चेक करें. 26.7.3 या उससे पुराना वर्जन होने पर इसे अपडेट करें. iRA.ev इस्तेमाल करने वालों को भी यह देखना चाहिए कि ऐप 26.9.1 या उसके बाद के वर्जन पर है या नहीं. अपडेट के लिए Google Play Store या Apple App Store पर उपलब्ध आधिकारिक ऐप का इस्तेमाल करें.

सिर्फ ऐप अपडेट करना ही नहीं, फोन और दूसरे ऐप्स को भी समय पर अपडेट रखना जरूरी है. अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी के साथ OTP, पासवर्ड या लॉगिन जानकारी साझा न करें. अगर ऐप में कोई संदिग्ध ऐक्टिविटी दिखती है, तो Tata Motors के कस्टमर केयर से बात करें.

कनेक्टेड कारों के साथ बढ़ रही है साइबर सुरक्षा की चुनौती

कुछ साल पहले तक कार की सुरक्षा का मतलब उसके ब्रेक, एयरबैग, लॉक और इंजन की जांच तक ही था. अब कार इंटरनेट, मोबाइल ऐप और कंपनी के सर्वर से भी जुड़ी रहती है. इससे गाड़ी को इस्तेमाल करना आसान हुआ है, लेकिन साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है.

कनेक्टेड कार में फोन और वाहन के बीच कई तरह की जानकारियों का आदान-प्रदान होता है. अगर इस पूरे सिस्टम में ऐप, सर्वर या नेटवर्क की सिक्योरिटी कमजोर हो, तो खतरा सिर्फ मोबाइल तक ही नहीं रहता. वाहन से जुड़ी डिजिटल सर्विसेज भी इसकी चपेट में आ सकती हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »