Samsung के अगले बड़े फ्लैगशिप फोन Galaxy S27 Ultra को लेकर ऐसा लीक सामने आया है. लॉन्च से कई महीने पहले ही इस लीक ने लोगों का ध्यान खींचा है. नए CAD रेंडर्स में फोन का पिछला हिस्सा पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. सबसे बड़ा बदलाव कैमरे के आसपास दिखता है. अब तक Galaxy Ultra की पहचान बने अलग-अलग कैमरा रिंग्स की जगह फोन में एक बड़ा और चौड़ा कैमरा मॉड्यूल देखने को मिल सकता है.
सबसे दिलचस्प बात यह है कि लीक हुए डिजाइन को देखकर लोगों को iPhone 17 Pro की याद आ सकती है. फोन के ऊपरी हिस्से में चौड़ा कैमरा प्लैटो दिख रहा है. इसमें दो बड़े कैमरा सेंसर एक तरफ हैं, जबकि दूसरे सेंसर, फ्लैश और दूसरे पार्ट्स के लिए अलग जगह दिखाई देती है. अगर यही डिजाइन फाइनल प्रोडक्ट तक पहुंचता है, तो यह पिछले कई सालों में Galaxy Ultra सीरीज का सबसे बड़ा डिजाइन बदलाव हो सकता है.
Galaxy की पहचान ही बदल जाएगी?
Galaxy S23 Ultra से लेकर हाल के Ultra मॉडल तक सैमसंग का एक खास डिजाइन रहा है. फोन के पीछे कैमरे अलग-अलग रिंग के रूप में बॉडी से बाहर निकले हुए दिखते हैं. यही डिजाइन दूर से फोन को Galaxy Ultra जैसा पहचानने में मदद करता है. Galaxy S27 Ultra में अगर पूरा कैमरा सिस्टम एक बड़े मॉड्यूल के अंदर चला जाता है, तो सैमसंग की यह पहचान बदल सकती है.
यही वजह है कि इस लीक पर इतनी चर्चा हो रही है. यह सिर्फ नया फोन आने की खबर नहीं है, बल्कि सवाल यह है कि क्या सैमसंग अपने सबसे महंगे और सबसे लोकप्रिय फोन की पहचान बदलने के लिए तैयार है? लीक से जुड़ी रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि डिजाइन को लेकर कंपनी के सामने काफी बड़ा फैसला है, क्योंकि नया लुक लोगों को पसंद भी आ सकता है और आलोचना भी झेलनी पड़ सकती है.
कैमरे कम हो सकते हैं, लेकिन बदलाव बड़ा होगा
Galaxy S27 Ultra को लेकर पहले से ऐसी रिपोर्ट्स आ रही हैं कि इस बार फोन में चार की जगह तीन रियर कैमरे दिए जा सकते हैं. कोरियाई इंडस्ट्री रिपोर्ट के मुताबिक, सैसमंग 3x टेलीफोटो कैमरा हटा सकता है. इसकी जगह 200MP का मेन कैमरा, 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50MP का 5x पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा रहने की बात सामने आई है. हालांकि, फोन लॉन्च होने तक इन स्पेसिफिकेशन्स में बदलाव संभव है.
अगर यह जानकारी सही निकलती है, तो Galaxy Ultra सीरीज में यह बड़ा बदलाव होगा. कैमरों की संख्या कम होने का मतलब जरूरी नहीं कि फोटो क्वालिटी कम हो. सैमसंग एक कम इस्तेमाल होने वाले 3x कैमरे को हटाकर बाकी कैमरों और इमेज प्रोसेसिंग को बेहतर बनाने पर ध्यान दे सकता है. दूसरी तरफ, 3x जूम से पोर्ट्रेट फोटो लेने वाले यूजर्स के लिए यह बदलाव पसंद न भी आए.
फोन के पीछे दिखा एक गोल निशान, क्या मिलेगा मैग्नेटिक चार्जिंग?
लीक रेंडर्स में फोन के पिछले हिस्से पर एक गोल आकार भी नजर आता है. रिपोर्ट्स का कहना है कि यह Qi2 मैग्नेटिक चार्जिंग के लिए अंदर लगे मैग्नेट का संकेत हो सकता है. अगर Galaxy S27 Ultra में मैग्नेट्स सीधे फोन के अंदर दिए जाते हैं, तो मैग्नेटिक चार्जर, पावर बैंक और दूसरे ऐक्सेसरीज को फोन के पीछे आसानी से लगाया जा सकेगा. सैमसंग पहले से Qi2-कंपैटिबल मैग्नेटिक चार्जिंग ऐक्सेरीज पर काम कर रहा है, इसलिए यह संभावना पूरी तरह नई नहीं है.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क