OnePlus को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कंपनी नॉर्थ अमेरिका और यूरोप में अपना कारोबार बंद करने की तैयारी कर रही है. इसके साथ ही यह भी कहा गया कि आने वाले समय में भारत समेत दूसरे बाजारों से भी OnePlus बाहर निकल सकता है.
इस खबर के बाद OnePlus यूजर्स के बीच चिंता बढ़ गई. हालांकि कंपनी ने भारत को लेकर सामने आई खबरों का जवाब भी दे दिया है.
Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक वनप्लस की पैरेंट कंपनी Oppo अपने ग्लोबल बिजनेस में बड़े बदलाव कर रही है. इसी बदलाव के तहत वनप्लस नॉर्थ अमेरिका और यूरोप में नए प्रोडक्ट लॉन्च करना बंद कर सकता है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि आने वाले समय में कंपनी दूसरे बाजारों में भी अपनी मौजूदगी कम कर सकती है.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वनप्लस का फोकस आगे चलकर चीन पर ज्यादा हो सकता है. वहीं ओपो अपनी दूसरे ब्रांड Realme की स्ट्रैटिजी में भी बदलाव कर रही है. इन बदलावों की वजह बाजार में बढ़ते कंपटीशन, कारोबार की लागत और ग्लोबल परिस्थितियों को बताया गया है.
क्या भारत में भी बंद हो जाएगा OnePlus?
यही सवाल सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है. रिपोर्ट में भारत का भी जिक्र किया गया, लेकिन फिलहाल भारत से वनप्लस के तुरंत बाहर होने का कोई ऑफिशिल ऐलान नहीं हुआ है. कुछ रिपोर्ट्स में 2027 के आसपास दूसरे बाजारों में भी बदलाव की संभावना जताई गई है, लेकिन इसे लेकर कंपनी ने कोई आधिकारिक योजना पब्लिक नहीं की है.
वनप्लस ने क्या कहा?
भारत में बढ़ती अफवाहों के बाद वनप्लस ने साफ कहा है कि उसका भारतीय कारोबार नॉर्मल तरीके से चल रहा है. कंपनी के मुताबिक भारत में सभी ऑपरेशन पहले की तरह जारी हैं और कस्टमर्स को चिंता करने की जरूरत नहीं है. वनप्लस ने यह भी कहा कि उसकी आने वाली योजनाओं में भारत एक महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है.
मौजूदा यूजर्स पर क्या असर पड़ेगा?
अगर किसी देश में OnePlus नए फोन लॉन्च करना बंद भी करता है, तब भी मौजूदा यूजर्स के लिए सर्विस और सॉफ्टवेयर अपडेट कुछ समय तक जारी रह सकते हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार ओपो इन बाजारों में आफ्टर सेल्स सपोर्ट संभाल सकता है. हालांकि इसकी पूरी जानकारी तभी सामने आएगी जब कंपनी आधिकारिक तौर पर अपनी नई स्ट्रैटिजी का ऐलान करेगी.
अभी घबराने की जरूरत नहीं
फिलहाल भारत में वनप्लस यूजर्स के लिए सबसे अहम बात यही है कि कंपनी ने भारत छोड़ने की खबरों से इनकार किया है. यानी अगर आप वनप्लस का फोन इस्तेमाल कर रहे हैं या नया फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो अभी तक ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है जिससे यह कहा जा सके कि वनप्लस भारत में अपना कारोबार बंद कर रहा है.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क