2030 तक 100 करोड़ लोग चलाएंगे 5G, भारत करेगा 6G में दुनिया की अगुवाई: सिंधिया

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 7 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. इससे पहले टेलीकॉम मिनिस्टर ने कहा है कि अब भारत 6G की अगुवाई करेगा. उन्होंने ये भी कहा कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस अब एक ग्लोबल इवेंट बन रहा है.

Advertisement

आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:20 PM IST

India Mobile Congress अब सिर्फ भारत का इवेंट नहीं, बल्कि एक ग्लोबल टेलीकॉम प्लेटफॉर्म बन चुका है. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत 6G टेक्नोलॉजी में दुनिया की अगुवाई करेगा. इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) बनाने का भी ऐलान किया.

इंडिया मोबाइल कांग्रेस के मंच से सिंधिया ने कहा कि पिछले 10 सालों में IMC ने देश के टेलीकॉम सेक्टर को नई पहचान दी है और अब यह एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन बन चुका है.

Advertisement

2030 तक 100 करोड़ लोग होंगे 5G से जुड़े

सिंधिया ने कहा कि भारत में इस समय करीब 50 करोड़ लोग 5G नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं. उनका दावा है कि 2030 तक यह संख्या 100 करोड़ तक पहुंच जाएगी.

उन्होंने कहा कि भारत अब सिर्फ नई टेक्नोलॉजी अपनाने वाला देश नहीं है, बल्कि उसे बनाने और दुनिया तक पहुंचाने वाला देश बन रहा है. सरकार का लक्ष्य 6G टेक्नोलॉजी में वैश्विक नेतृत्व हासिल करना है. इसके लिए भारत ITU और 3GPP जैसे अंतरराष्ट्रीय स्टैंडर्ड बनाने वाले संगठनों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है. 

6G में फिजिकल, डिजिटल और AI का होगा मेल

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 6G सिर्फ तेज इंटरनेट तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें फिजिकल, डिजिटल और इंटेलिजेंस (AI) इकोसिस्टम को एक साथ जोड़ा जाएगा. उनका कहना है कि भविष्य का नेटवर्क सिर्फ लोगों को नहीं, बल्कि मशीनों, डिवाइस और AI सिस्टम को भी जोड़ने का काम करेगा. 

Advertisement

मध्य प्रदेश में बनेगा देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन

सिंधिया ने घोषणा की कि मध्य प्रदेश में भारत का पहला Telecom Manufacturing Zone (TMZ) बनाया जाएगा. इसका मकसद देश में टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देना और भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना है.

हाल के महीनों में केंद्र सरकार मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग और घरेलू वैल्यू एडिशन बढ़ाने के लिए नई योजनाओं का भी ऐलान कर चुकी है. 

₹250 से ₹8 प्रति GB तक पहुंचा डेटा

सिंधिया ने भारत के टेलीकॉम सेक्टर में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश में करीब 133 करोड़ मोबाइल कनेक्शन हैं. उन्होंने कहा कि एक समय डेटा की कीमत 250 रुपये प्रति GB से ज्यादा थी, जबकि अब यह घटकर करीब 8 रुपये प्रति GB रह गई है.

Sanchar Saathi ऐप के 2.5 करोड़ डाउनलोड

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार के Sanchar Saathi ऐप को अब तक 2.5 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखना है. Sanchar Saathi को चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने, फर्जी मोबाइल कनेक्शन की जानकारी देने और साइबर फ्रॉड से बचाव जैसे फीचर्स के लिए लॉन्च किया गया था. 

Advertisement

IMC के 10 साल पूरे

सिंधिया ने कहा कि India Mobile Congress के 10 साल पूरे होना पूरे टेलीकॉम सेक्टर की सामूहिक उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि यह मंच अब सिर्फ भारत का नहीं, बल्कि दुनिया के टेलीकॉम, AI और डिजिटल इनोवेशन इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण आयोजन बन चुका है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »