Samsung ने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन्स लॉन्च कर दिए हैं. इस बार कंपनी ने सिर्फ दो नहीं बल्कि तीन नए फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश किए हैं. इनमें Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 शामिल हैं.
कंपनी का कहना है कि उसने पहली बार अलग-अलग तरह के यूजर्स को ध्यान में रखकर तीन फोल्डेबल तैयार किए हैं. कोई ज्यादा काम करने वालों के लिए है, कोई एंटरटेनमेंट के लिए और कोई उन लोगों के लिए जो स्टाइल और कॉम्पैक्ट डिजाइन पसंद करते हैं.
सैमसंग का सबसे बड़ा फोकस इस बार सिर्फ हार्डवेयर पर नहीं बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी है. कंपनी का कहना है कि Galaxy AI को तीनों फोन के हिसाब से अलग-अलग तरीके से तैयार किया गया है. पिछले बार के मुकाबले इस बार कंपनी ने अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन्स की कीमतों में इजाफा करके लॉन्च किया है. Galaxy Fold 8 की शुरुआती कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये है, जबकि Fold8 Ultra का प्राइस 2 लाख रुपये से शुरू हो रहा है. टॉप मॉडल की कीमत 2.60 लाख रुपये है.
Galaxy Fold8, Fold8 Ultra India Price
Samsung Galaxy Z Fold8 Ultra को तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है. इसके 12GB रैम + 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 1,99,999 रुपये है. वहीं 12GB रैम + 512GB स्टोरेज वेरिएंट 2,19,999 रुपये में मिलेगा. अगर आपको सबसे हाई-एंड मॉडल चाहिए तो 16GB रैम + 1TB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 2,59,999 रुपये रखी गई है.
वहीं Samsung Galaxy Z Fold8 भी तीन स्टोरेज ऑप्शन में आया है. इसके 12GB + 256GB मॉडल की कीमत 1,79,999 रुपये है, जबकि 12GB + 512GB वेरिएंट 1,99,999 रुपये में मिलेगा.
सबसे बड़ा 16GB + 1TB वेरिएंट 2,39,999 रुपये का है. दूसरी तरफ Galaxy Z Flip8 दो वेरिएंट में उपलब्ध होगा. इसके 12GB + 256GB मॉडल की कीमत 1,24,999 रुपये है, जबकि 12GB + 512GB वेरिएंट 1,44,999 रुपये में खरीदा जा सकेगा.
Fold8 और Fold8 Ultra की बड़ी स्क्रीन पर मल्टीटास्किंग और AI ज्यादा बेहतर तरीके से काम करेगा, जबकि Flip8 की फ्लेक्स विंडो पर AI सीधे जरूरी जानकारी और शॉर्टकट दिखाएगा. सैमसंग ने Gemini को भी डीप इंटिग्रेट किया है.
Galaxy Fold 8 में क्या है खास?
Galaxy Z Fold8 को कंपनी ने उन लोगों के लिए बनाया है जो फोन पर ज्यादा पढ़ते हैं, वीडियो देखते हैं और गेम खेलते हैं. कंपनी के मुताबिक नया Fold8 पहले से हल्का है और इसका वजन सिर्फ 201 ग्राम है.
इस फोन में 3nm का Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर और 4,800mAh की बैटरी दी गई है. फोन का नया स्क्रीन रेशियो इस तरह डिजाइन किया गया है कि फोल्ड रहने पर मैसेज, सोशल मीडिया और छोटे वीडियो देखने में आसानी हो, जबकि खोलने पर बड़ी स्क्रीन गेमिंग, फिल्म देखने और ई-बुक पढ़ने के लिए ज्यादा आरामदायक एक्स्पीरिएंस दे.
Samsung ने Fold8 में नई फ्लेक्स टाइटैनियम का इस्तेमाल किया है. कंपनी का दावा है कि इससे फोन पहले से ज्यादा पतला और मजबूत बना है. डिस्प्ले को ज्यादा टिकाऊ बनाने के साथ-साथ क्रीज भी पहले के मुकाबले कम दिखाई देगी. स्क्रीन 3,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस देती है और विजन बूस्टर की मदद से तेज धूप में भी कंटेंट आसानी से देखा जा सकता है.
Galaxy Fold 8 कैमरा
कैमरे की बात करें तो Galaxy Z Fold8 में 50MP + 50MP का डुअल कैमरा सिस्टम दिया गया है. इसमें डुअल रिकॉर्डिंग फीचर मिलेगा, जिससे सामने और पीछे दोनों तरफ का वीडियो एक साथ रिकॉर्ड किया जा सकता है. वहीं My FanCam फीचर किसी एक व्यक्ति को ट्रैक करके अपने आप वीडियो को सोशल मीडिया के हिसाब से फ्रेम कर देता है.
Galaxy Z Fold8 Ultra: सबसे पतला फोल्डेबल?
अगर बात Galaxy Z Fold8 Ultra की करें तो यह इस सीरीज का सबसे प्रीमियम मॉडल है. इसमें 8 इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है और यह खुलने पर सिर्फ 4.1mm मोटा है. इसका वजन 215 ग्राम है. कंपनी का कहना है कि यह अब तक का सबसे पतला Galaxy Z Fold है. Galaxy Fold 7 4.2mm का था.
Galaxy Z Fold8 Ultra में 200MP का मेन कैमरा दिया गया है, जिसमें HDR सपोर्ट भी मिलेगा. इसके साथ नया 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा है. कम रोशनी में बेहतर फोटो के लिए नाइटोग्राफी को अपग्रेड किया गया है.
कंटेंट क्रिएटर्स के लिए 8K वीडियो रिकॉर्डिंग, APV Codec और Cine LUT जैसे फीचर भी दिए गए हैं ताकि मोबाइल से ही प्रोफेशनल लेवल की वीडियो बनाई जा सके.
इस स्मार्टफोन में Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट, 5,000mAh बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग दी गई है. सैमसंग का कहना है कि नया ड्यूल-पाथ चार्जिंग सिस्टम चार्जिंग को ज्यादा स्टेबल और फास्ट बनाता है. इसके अलावा नई कूलिंग सिस्टम की वजह से लंबे समय तक हैवी काम करने पर भी फोन ज्यादा गर्म नहीं होगा.
Galaxy Z Flip 8 मे क्या है खास?
Galaxy Z Flip8 उन लोगों के लिए बनाया गया है जो छोटा, हल्का और स्टाइलिश फोन चाहते हैं. इसका वजन सिर्फ 180 ग्राम है और मोटाई 6.1mm है. Samsung का दावा है कि यह अब तक का सबसे पतला और हल्का फ्लिप है.
Flip8 की सबसे बड़ी खासियत इसकी नई FlexWindow स्क्रीन है. अब यूजर बिना फोन खोले ऐप्स चला सकेंगे, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फीचर इस्तेमाल कर सकेंगे और जरूरी जानकारी देख सकेंगे.
इसमें Now Brief फीचर मिलेगा जो समय के हिसाब से जरूरी जानकारी और अगले काम का सुझाव देगा. वहीं जेमेनाई इंटेलिजेंस की मदद से कई काम सिर्फ आवाज से किए जा सकेंगे.
Flip8 में 50MP कैमरा दिया गया है, जिसमें प्रो विजुअल इंजन मिलेगा. फ्लेक्स मोड की मदद से फोन को बिना हाथ में पकड़े फोटो और वीडियो शूट किए जा सकेंगे. सुपर स्टेडी वीडियो रिकॉर्डिंग को पहले से ज्यादा स्थिर बनाएगा. वहीं FlipShot और Mirror View जैसे फीचर सेल्फी को और आसान बनाएंगे.
सैमसंग AI को पूरे सिस्टम का हिस्सा बना दिया है. Now Brief यूजर की आदतों के हिसाब से जानकारी देगा, जबकि Now Nudge बातचीत के दौरान ही अगला कदम सुझाएगा.
Galaxy AI और गूगल की पावर
अगर आप किसी दोस्त से मिलने की बात कर रहे हैं तो AI अपने आप कैलेंडर खोलने, जगह खोजने या लोकेशन सेव करने का सुझाव देगा. Gemini Intelligence अब 40 से ज्यादा ऐप और सर्विस के साथ काम करेगा.
Gemini Notebook में नोट्स, फोटो, रिकॉर्डिंग और फाइलों को एक जगह रखा जा सकेगा और AI उनसे रिपोर्ट, समरी, ऑडियो ओवरव्यू और दूसरे डॉक्यूमेंट भी बना सकेगा.
प्राइवेसी को लेकर भी सैमसंग ने कई नए फीचर जोड़े हैं. One UI 9 में नया AI ऐसिस्टेंट ऐक्टिविटी डैशबोर्ड मिलेगा, जहां यूजर देख सकेंगे कि AI ने उनके लिए कौन-कौन से काम किए हैं.
इसके अलावा नए प्राइवेसी अलर्ट संभावित खतरे की जानकारी पहले ही दे देंगे. कंपनी का कहना है कि Knox, Personal Data Engine, KEEP और Knox Vault जैसी तकनीकें यूजर का डेटा सुरक्षित रखेंगी.
कंपनी नए फोल्डेबल खरीदने वाले ग्राहकों को Google AI Pro का 6 महीने का फ्री ट्रायल भी देगी. इसके साथ 5TB क्लाउड स्टोरेज मिलेगी. स्मार्ट स्विच को भी अपडेट किया गया है, जिससे iPhone से Galaxy फोन में QR कोड स्कैन करके आसानी से डेटा ट्रांसफर किया जा सकेगा. इतना ही नहीं, अब Quick Share के जरिए Galaxy और iPhone के बीच भी फाइल शेयर करना पहले से आसान होगा.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क