बढ़ते कोरोना संकट के बीच IPL छोड़ने लगे खिलाड़ी, BCCI ने कही ये बात

भारत में बढ़ते कोरोना संकट के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सुरक्षित बायो बबल में भी खिलाड़ियों को चिंतित कर दिया है. भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के अलावा कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने लीग बीच में छोड़ दी है, जबकि बीसीसीआई ने कहा है कि खेल जारी रहेगा.

Advertisement
Fear factor at IPL Fear factor at IPL

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 अप्रैल 2021,
  • अपडेटेड 4:34 PM IST
  • कोरोना संकट के बीच आईपीएल छोड़कर जा रहे हैं विदेशी खिलाड़ी
  • ... खिलाड़ियों के लौटने से टीमों को लग रहे झटके

भारत में बढ़ते कोरोना संकट के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सुरक्षित बायो बबल में भी खिलाड़ियों को चिंतित कर दिया है. भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के अलावा कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने लीग बीच में छोड़ दी है, जबकि बीसीसीआई ने कहा है कि खेल जारी रहेगा.

दिल्ली कैपिटल्स के अश्विन ने लिया ब्रेक

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के अश्विन ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ रविवार को मैच जीतने के बाद ट्वीट किया, ‘मैं कल (सोमवार) से इस सत्र के आईपीएल से ब्रेक ले रहा हूं. मेरा परिवार कोरोना महामारी से लड़ रहा है और इस कठिन समय में उसे मेरी मदद की जरूरत है.’ उन्होंने कहा, ‘अगर हालात सही दिशा में जाते हैं तो मैं वापसी करूंगा. धन्यवाद दिल्ली कैपिटल्स.’ समझा जाता है कि उनके परिवार का कोई सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया गया है.

Advertisement

RR के एंड्रयू टाई ने बीच में ही छोड़ा IPL

ऑस्ट्रेलिया और राजस्थान रॉयल्स (RR) के तेज गेंदबाज एंड्रयू टाई ने भारत में कोरोना मामलों के बढ़ने के कारण अपने देश में प्रवेश निषेध होने की आशंका से आईपीएल बीच में ही छोड़ दिया और दावा किया कि ऑस्ट्रेलिया के कई क्रिकेटर यह फैसला ले सकते हैं. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के केन रिचर्डसन और एडम जाम्पा ने भी निजी कारणों से लीग छोड़ने का फैसला किया.

आईपीएल के मैच 6 शहरों में दर्शकों के बिना खेले जा रहे हैं. टाई ने कहा कि उनके गृहनगर पर्थ में भारत से जाने वालों के पृथकवास के बढ़ते मामलों के कारण उन्होंने यह फैसला लिया. टाई ने रॉयल्स के लिए अब तक एक भी मैच नहीं खेला है और उन्हें एक करोड़ रुपये में खरीदा गया था.

Advertisement

टाई ने अपने लौटने की वजह बताई

टाई ने सोमवार को दोहा से ‘सेन रेडियो’ से कहा, ‘इसके कई कारण हैं, लेकिन मुख्य कारण यह है कि पर्थ में भारत से लौटने वाले लोगों के होटलों में पृथकवास के मामले बढ़ गए हैं. पर्थ सरकार पश्चिम ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश करने वालों की संख्या में कटौती करने की कोशिश में है.’

उन्होंने कहा कि बबल में रहने की थकान भी एक कारण है. उन्होंने कहा ,‘मैंने सोचा कि देश में प्रवेश नहीं मिले, उससे पहले ही रवाना हो जाऊं. बबल में लंबा समय बिताना काफी थकाऊ है. अगस्त से अब तक मैं सिर्फ 11 दिन बबल से बाहर रहा हूं और अब घर जाना चाहता हूं.’

... कोई छोड़ना चाहता है तो कोई हर्ज नहीं

बीसीसीआई ने पीटीआई से कहा कि लीग जारी रहेगी. एक अधिकारी ने कहा, ‘आईपीएल जारी रहेगा. कोई छोड़ना चाहता है तो उसमें कोई हर्ज नहीं.’

वहीं, आरसीबी ने एक बयान में कहा, 'एडम जाम्पा और केन रिचर्डसन निजी कारणों से स्वदेश लौट रहे हैं और बाकी मैचों में नहीं खेलेंगे. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु(RCB) पूरी तरह से उनके साथ है और हरसंभव मदद कर रहा है.’ लेग स्पिनर जाम्पा को डेढ़ करोड़ और रिचर्डसन को चार करोड़ रुपये में खरीदा गया था.

Advertisement

AUS ने उड़ानों में 30 प्रतिशत कटौती कर दी है

ब्रिटेन और न्यूजीलैंड समेत कई देशों ने भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है. ऑस्ट्रेलिया ने भी उड़ानों में 30 प्रतिशत कटौती कर दी है और आगे प्रतिबंध की आशंका है. भारत में पिछले कुछ दिनों से रोज तीन लाख से अधिक कोरोना मामले आ रहे हैं. ऑक्सीजन और कुछ जरूरी दवाओं की किल्लत से चिकित्सा तंत्र जूझ रहा है. इससे पहले रॉयल्स के लियाम लिविंगस्टोन भी यात्रा प्रतिबंध लागू होने से पहले ब्रिटेन लौट गए.

अपने खिलाड़ियों के संपर्क में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर संघ ने संयुक्त बयान में कहा कि वे आईपीएल में शामिल अपने क्रिकेटरों, कोचों और कमेंटेटरों के संपर्क में हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं. इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘ हम अपने खिलाड़ियों से लगातार संपर्क में हैं. इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं भारत के लोगों के साथ है.’

डेविड हसी ने माना- हर कोई नर्वस है... 

इस बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मेंटर डेविड हसी ने कहा कि आईपीएल में कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ‘नर्वस’ हैं कि भारत में कोरोना मामलों के बढ़ने के कारण वे स्वदेश कैसे लौटेंगे. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर हसी ने ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ से कहा, ‘हर कोई थोड़ा नर्वस है कि ऑस्ट्रेलिया वापस कैसे जाएगा.’

Advertisement

हसी ने कहा कि आईपीएल के लिए कड़ा बायो बबल बनाया गया है, लेकिन भारत की मौजूदा स्थिति को देखकर खिलाड़ियों का चिंतित होना स्वाभाविक है.

केन विलियमसन और ट्रेंट बोल्ट समेत न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को दो जून से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के लिए वैसे भी बीच में ही जाना होगा. आईपीएल फाइनल 30 मई को अहमदाबाद में होगा.

चार्टर्ड विमान का इंतजाम कर सकता है AUS

ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट पूरा होने पर अपने खिलाड़ियों के लिये चार्टर्ड विमान का इंतजाम कर सकता है. ऑस्ट्रेलिया के 14 खिलाड़ी अभी लीग में हैं. उनके अलावा कोच रिकी पोंटिंग और साइमन कैटिच, कमेंटेटर मैथ्यू हेडन, ब्रेट ली, माइकल स्लेटर और लीजा स्टालेकर भी यहां हैं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »