कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय एथलीट्स का दमदार प्रदर्शन जारी है. एक तरफ जहां मेडल जीतकर खिलाड़ी देश का मान बढ़ा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर हाई जंप में देश की सबसे बड़ी उम्मीद तेजस्विन शंकर के चोटिल होने से फैन्स को बड़ा झटका लगा. ग्लास्गो में मेडल के मजबूत दावेदार माने जा रहे तेजस्विन को घुटने की चोट के कारण अपने दूसरे ही प्रयास से पहले मुकाबले से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा.
अपनी मेहनत के दम पर कॉमनवेल्थ गेम्स में पहुंचे तेजस्विन जब मीडिया से बात करने आए तो वह अपने आंसुओं को रोक नहीं सके. उन्होंने बताया कि दूसरे जंप से ठीक पहले उन्हें घुटने में तेज शूटिंग पेन महसूस हुआ. डेकाथलॉन इवेंट को ध्यान में रखते हुए, उन्होंने आगे कोई बड़ा जोखिम नहीं लेते हुए एहतियातन अपना नाम वापस लेने का कठिन फैसला किया.
विनेश फोगाट ने बढ़ाया हौसला
तेजस्विन के इस मुश्किल वक्त में तीन बार की कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान विनेश फोगाट उनके सपोर्ट में आगे आईं. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर तेजस्विन की हिम्मत बांधाते हुए एक बेहद इमोशनल मैसेज शेयर किया. सोशल मीडिया पर विनेश के इस पोस्ट को फैन्स भी काफी पसंद कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर लिखी दिल की बात
विनेश ने लिखा कि तेजू, तुम अब भी यह कर सकते हो. आगे जो है उस पर फोसक रखो. मेरे कोच हमेशा कहते थे कि एक पेशेवर एथलीट के तौर पर हमें सर्वश्रेष्ठ के लिए तैयार रहना चाहिए और साथ ही सबसे बुरे समय के लिए भी. मुझे लगता है कि जिंदगी में जो कुछ भी होता है, किसी वजह से होता है. हमेशा की तरह तुम्हारे लिए प्रार्थना कर रही हूं.
ये भी पढ़ें- 'तीनों फॉर्मेट की कप्तानी दो, तभी टेस्ट टीम संभालूंगा'! बाबर आजम ने PCB के सामने रखी थी ये डिमांड
टूटा तेजस्विन का 8 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड
दूसरी तरफ तेजस्विन का 8 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने वाले सर्वेश कुशारे ने 2.25 मीटर की कूद लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया. सर्वेश ने तेजस्विन के 2022 बर्मिंघम खेलों के प्रदर्शन से बेहतर करते हुए भारत की झोली में मेडल डाला और इस सफलता के पीछे तेजस्विन का मैदान पर खड़ा रहकर हौसला बढ़ाना भी एक बड़ी वजह रहा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क