प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 के पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने 2036 ओलंपिक की मेजबानी को लेकर भारत का संकल्प दोहराया. पीएम ने कहा कि भारत खेलों में सिर्फ प्रदर्शन के लिहाज से मजबूत नहीं हो रहा, बल्कि बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी के लिए भी एक भरोसेमंद देश के रूप में उभर रहा है.
मोदी ने खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. इस दौरान उन्हें खिलाड़ियों की ओर से कई यादगार उपहार भी दिए गए. 17 साल की तीरंदाज कुमकुम मोहोड़ ने प्रधानमंत्री को धनुष भेंट किया. कुमकुम ने एशियन गेम्स में दो गोल्ड मेडल और एक सिल्वर मेडल जीता था. उन्होंने व्यक्तिगत और महिला टीम स्पर्धा में गोल्ड, जबकि मिक्स्ड टीम स्पर्धा में सिल्वर हासिल किया.
इस इवेंट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा समेत विभिन्न खेल संगठनों के अधिकारी भी मौजूद रहे.
'2036 ओलंपिक की मेजबानी हमारा संकल्प'
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा- आपने 140 करोड़ भारतीयों को गौरवान्वित किया है. सबसे बड़ी सफलता तिरंगे को ऊंचा रखना है. आपकी सफलता सिर्फ आपकी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की है.
यह भी पढ़ें: '15 साल के खिलाड़ी...', PM मोदी ने इशारों-इशारों में की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ! एशियन गेम्स के मेडलवीरों में भरा जोश
उन्होंने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए बोली लगा रहा है और खेलों का आयोजन करना देश का संकल्प है. पीएम के मुताबिक, भारत अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए एक भरोसेमंद और मेहमाननवाज देश के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है.
85 मेडल में 38 पदक महिला खिलाड़ियों के
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में 21 गोल्ड सहित कुल 85 पदक जीते. यह संख्या पिछले संस्करण में हांगझोउ में मिले 106 पदकों से कम रही. हालांकि, भारतीय दल में पहली बार हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा. इन खिलाड़ियों ने कुल 41 पदक जीते.
यह भी पढ़ें: PM Modi Indian Athletes Address: 'जब जुनून जीत में बदलता है, तो मेडल्स...', PM मोदी ने एशियन गेम्स के मेडलवीरों को सराहा
पीएम मोदी ने महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों की खास तौर पर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भारत के कुल पदकों में 38 पदक महिला खिलाड़ियों के रहे, जिनमें 11 गोल्ड शामिल हैं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीमों, हॉकी टीमों और तीरंदाजों के प्रदर्शन की भी सराहना की. भारतीय तीरंदाजों ने पांच गोल्ड मेडल जीते.
मोदी ने महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर 44 साल का इंतजार खत्म किया. उन्होंने इसे बेहद सराहनीय उपलब्धि बताया.
पुरुष और महिला क्रिकेट टीम भी रहीं मौजूद
कार्यक्रम में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष टी20 टीम के सभी खिलाड़ी मौजूद थे. टीम को शनिवार को बेंगलुरु में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला खेलना है. भारतीय महिला टीम भी समारोह में शामिल हुई, जिसे शुक्रवार को रायपुर में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 मैच खेलना है.
एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी मौजूद थीं. वह कुछ दिन पहले कप्तानी छोड़ चुकी हैं. उन्होंने पदक विजेता टीम के खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली जर्सी प्रधानमंत्री को भेंट की. उनकी उत्तराधिकारी स्मृति मंधाना ने भी उनके साथ तस्वीर खिंचवाई.गोल्फर प्रणवी उर्स ने भी प्रधानमंत्री को फ्रेम में लगाकर अपना ग्लव और गोल्फ बॉल भेंट की.
'12 साल में भारत ने खेलों का मजबूत इकोसिस्टम बनाया'
प्रधानमंत्री ने कहा कि संकल्प और सपने एक दिन में पूरे नहीं होते. इसके लिए वर्षों की मेहनत और समर्पण जरूरी है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में भारत ने धैर्य और मेहनत के साथ खेलों का इकोसिस्टम तैयार किया है.
मोदी ने कहा कि एक समय बड़े खेल आयोजनों में भारत को कुछ ही पदक मिलते थे और देश में कई खेलों के बारे में लोगों को जानकारी भी नहीं थी. इस निराशावादी सोच को बदलने का संकल्प लिया गया और अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है उन्होंने कहा कि खेलों में अब पारदर्शी व्यवस्था मौजूद है. भारतीय खिलाड़ियों की बढ़ती सफलता और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में देश की मजबूत होती पहचान इसी बदलाव का नतीजा है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क