Lausanne में आग उगलेंगे भाले! नीरज चोपड़ा के सामने दिग्गजों की पूरी फौज

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को स्विट्जरलैंड के लुसाने में होने वाली डायमंड लीग में दुनिया के सबसे मजबूत भाला फेंक खिलाड़ियों के खिलाफ उतरेंगे. कमर की चोट से वापसी के बाद यह उनका तीसरा टूर्नामेंट होगा.

Advertisement
लुसाने में होगा भाला फेंक के बादशाहों का महामुकाबला... (फोटो, Reuters) लुसाने में होगा भाला फेंक के बादशाहों का महामुकाबला... (फोटो, Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 1:10 PM IST

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को स्विट्जरलैंड के शहर लुसाने (Lausanne Diamond League) में होने वाली डायमंड लीग में दुनिया के दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ियों से मुकाबला करेंगे. इस स्टार-स्टडेड प्रतियोगिता में हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स के चैम्पियन बने श्रीलंका के रुमेश पथिरागे समेत ओलंपिक और विश्व चैम्पियन खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे.

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा अब लॉजेन डायमंड लीग में भी कड़ी चुनौती का सामना करेंगे. कमर की चोट से वापसी के बाद अपने दूसरे टूर्नामेंट में 85.83 मीटर का सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने वाले नीरज के सामने पाकिस्तान के ओलंपिक चैम्पियन अरशद नदीम, मौजूदा विश्व चैम्पियन त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वॉलकॉट, ग्रेनाडा के पूर्व विश्व चैम्पियन एंडरसन पीटर्स, जर्मनी के पूर्व ओलंपिक चैम्पियन  थॉमस रोहलर और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता श्रीलंका के रुमेश पथिरागे होंगे. ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले पांच भाला फेंक खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भी आमने-सामने नजर आएंगे.

Advertisement

लॉजेन डायमंड लीग  में टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के याकुब वाडलेज्च, जर्मनी के जूलियन वेबर, मेजबान स्विट्जरलैंड के साइमन वीलांड और इस सीजन के विश्व नंबर-2 अमेरिकी एथलीट कर्टिस थॉम्पसन भी हिस्सा लेंगे.

आयोजकों ने कहा, 'पिछले चार ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप के विजेता 21 अगस्त को एथलेटिसिमा में एक साथ उतरेंगे. यह प्रतियोगिता असाधारण स्तर की होगी.'

कमर की चोट से वापसी के बाद यह नीरज का तीसरा टूर्नामेंट होगा. सितंबर पिछले साल चोटिल होने के बाद उन्होंने जून में दोहा डायमंड लीग से वापसी की थी, जहां 85.69 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे. इसके बाद ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 85.83 मीटर का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता.

ग्लास्गो में रजत जीतने के बाद नीरज ने कहा था, 'हमेशा चाहते हैं कि राष्ट्रगान बजे, लेकिन मैंने सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. वापसी सही दिशा में जा रही है. अभी आगे भी कई प्रतियोगिताएं हैं और मैं खुश हूं.'

Advertisement

नीरज का लुसाने डायमंड लीग में अच्छा रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने 2022 में 89.08 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता था, जबकि 2024 में 89.49 मीटर के करियर के चौथे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे.

वहीं, श्रीलंका के रुमेश पथिरागे शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता. उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 92.62 मीटर है, जो उन्होंने जून में रोम के गोल्डन गाला पिएत्रो मेनेआ में किया था. इस सीजन 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले वह दुनिया के इकलौते भाला फेंक खिलाड़ी हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »