भारत ने कॉमनवेल्थ कबड्डी चैम्पियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीते. फाइनल में भारतीय पुरुष टीम ने श्रीलंका को 54-20 से हराया, जबकि महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से मात देकर स्वर्णिम सफलता हासिल ती. दोनों भारतीय टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया.
बता दें कि पहली बार कॉमनवेल्थ कबड्डी चैम्पियनशिप आयोजित हुआ और इसका मेजबान शहर अहमदाबाद रहा. फाइनल में भारत ने शुरुआत से ही श्रीलंका पर दबाव बनाए रखा. आदित्य शिंदे ने 10 रेड पॉइंट्स के साथ सुपर-10 लगाया, जबकि भरत हुड्डा ने आठ अंक जुटाए. योगेश दहिया ने डिफेंस में शानदार प्रदर्शन करते हुए हाई-5 पूरा किया.
भारत ने मुकाबले में चार बार श्रीलंकाई टीम को ऑलआउट किया और खुद एक बार भी ऑलआउट नहीं हुआ. भारतीय टीम ने 30 रेड और 14 टैकल पॉइंट्स हासिल किए. पहले हाफ में ही भारत ने 30-10 की बड़ी बढ़त बना ली थी, जिसके बाद श्रीलंका के लिए वापसी मुश्किल हो गई.
पुरुष टीम ने जीते 8 मुकाबले
सुरजीत सिंह नरवाल की अगुवाई में पुरुष टीम ने टूर्नामेंट में अपने सभी आठ मुकाबले जीते. ग्रुप चरण में इंग्लैंड, युगांडा, मलेशिया, नाइजीरिया, तंजानिया और श्रीलंका को हराने के बाद भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 56-27 से शिकस्त दी.
इससे पहले भारतीय महिला टीम ने फाइनल में युगांडा को कोई मौका नहीं दिया. साक्षी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ रेड पॉइंट्स जुटाए. अनु ने छह और कप्तान निधि शर्मा ने पांच अंक हासिल किए.डिफेंस में ऋतु और सुमन ने चार-चार टैकल पॉइंट्स लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
भारत ने मुकाबले में दो बार युगांडा को ऑलआउट किया और पहले हाफ में 22-7 की मजबूत बढ़त बना ली थी.साक्षी ने टूर्नामेंट के छह मैचों में कुल 52 अंक जुटाए. उनके शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय महिला टीम ने भी अपना अभियान बिना कोई मुकाबला हारे पूरा किया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क