दो बच्चों की मां से क्रिस्ट‍ियानो रोनाल्डो की होगी शादी, 8 अगस्त को बजेगी शहनाई? वेडिंग वेन्यू हुई र‍िवील

क्रिस्ट‍ियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) और जॉर्ज‍िना रोड्र‍िगेज (Georgina Rodriguez) की शादी को लेकर पुर्तगाल की मीडिया में नई रिपोर्ट सामने आई है. दावा है कि दोनों 8 अगस्त को मदीरा के फनचल कैडेड्रल में शादी कर सकते हैं. शादी के बाद सवोय पैलेस होटल में जश्न होने की भी चर्चा है.

Advertisement
बचपन की धरती पर सात फेरे! रोनाल्डो ने चुना खास वेडिंग वेन्यू (Photo: Instagram/@georginagio) बचपन की धरती पर सात फेरे! रोनाल्डो ने चुना खास वेडिंग वेन्यू (Photo: Instagram/@georginagio)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:34 PM IST

फुटबॉल के सुपरस्टार  क्रिस्ट‍ियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) और उनकी पार्टनर जॉर्ज‍िना रोड्र‍िगेज (Georgina Rodriguez) की शादी को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हैं. पुर्तगाल के मीडिया आउटलेट Correio da Manhã की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह चर्चित कपल 8 अगस्त को शादी के बंधन में बंध सकता है. हालांकि रोनाल्डो और जॉर्ज‍िना रोड्र‍िगेज की ओर से अभी तक शादी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक दोनों की शादी पुर्तगाल के मदीरा द्वीप स्थित फनचल कैडेड्रल  में होने की संभावना है. यह जगह रोनाल्डो के लिए बेहद खास मानी जाती है, क्योंकि उनका बचपन इसी द्वीप पर बीता और यहीं से उन्होंने अपने प्रोफेशनल फुटबॉल सफर की शुरुआत की थी.

रोनाल्डो की शादी का जश्न कहां होगा? 
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शादी के बाद होने वाले समारोह के लिए मदीरा के फाइव स्टार सवोय पैलेस होटल को बुक किया गया है. बताया जा रहा है कि होटल के कुछ हिस्से मेहमानों के लिए रिजर्व रखे जाएंगे. हालांकि होटल बुकिंग और समारोह से जुड़ी इन खबरों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

कैथोल‍िक परंपरा से जुड़ा माना जा रहा फैसला
अगर रिपोर्ट सही साबित होती है तो रोनाल्डो और जॉर्ज‍िना पारंपरिक चर्च वेडिंग करेंगे. रोनाल्डो का पालन-पोषण एक कैथोल‍िक परिवार में हुआ है और वह कई मौकों पर परिवार की अहमियत का जिक्र कर चुके हैं. ऐसे में फनचल कैथेड्रल को चुनना उनके लिए धार्मिक और भावनात्मक दोनों ही नजरिए से अहम माना जा रहा है.

Advertisement

शादी की कई बातें अब भी रहस्य
शादी की संभावित तारीख और वेन्यू को लेकर रिपोर्ट्स जरूर सामने आई हैं, लेकिन मेहमानों की सूची, समारोह का पूरा कार्यक्रम और शादी में शामिल होने वाले लोगों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

इसके अलावा सोशल मीडिया पर यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि शादी में शामिल मेहमानों के लिए सख्त प्राइवेसी नियम लागू किए जा सकते हैं. कुछ रिपोर्ट्स में नॉन ड‍िस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) और फोटोग्राफी पर पाबंदी जैसी बातें भी कही गई हैं.

हालांकि इन दावों की भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जब तक रोनाल्डो या जॉर्ज‍िना खुद इस बारे में बयान नहीं देते, तब तक शादी से जुड़ी सभी जानकारियों को मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर ही देखा जाएगा.

9 साल पुराना है रोनाल्डो का र‍िश्ता 
रोनाल्डो और जॉर्ज‍िना की मुलाकात साल 2017 में स्पेन की राजधानी मैड्रिड के पॉश इलाके गोल्डन माइल स्थित गुक्की स्टोर में हुई थी. उस समय जॉर्ज‍िना वहां सेल्स असिस्टेंट के तौर पर काम कर रही थीं. पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और जल्द ही उनका रिश्ता सार्वजनिक हो गया.

करीब एक दशक से साथ रह रहे इस कपल की अब तक कानूनी तौर पर शादी नहीं हुई है. हालांकि 11 अगस्त 2025 को दोनों ने अपनी सगाई की घोषणा की थी. जॉर्ज‍िना ने इंस्टाग्राम पर अपनी मल्टी-मिलियन डॉलर डायमंड रिंग की तस्वीर शेयर कर फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की थी.

Advertisement

रोनाल्डो और जॉर्ज‍िना एक बड़े परिवार की परवरिश कर रहे हैं. जॉर्ज‍िना रोनाल्डो के सबसे बड़े बेटे क्रिस्ट‍ियानो जून‍ियर की भी परवरिश अपनी संतान की तरह करती हैं. उनकी बायोलॉज‍िकल मां कभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई हैं.

जून 2017 में सरोगेसी के जरिए रोनाल्डो जुड़वां बच्चों मातेओ और इवा के पिता बने. इसके कुछ महीने बाद नवंबर 2017 में जॉर्ज‍िना ने बेटी एलाना मार्ट‍िना को जन्म दिया.

साल 2022 में जॉर्ज‍िना एक बार फिर जुड़वां बच्चों की मां बनीं, लेकिन प्रसव के दौरान बेटे का दुखद निधन हो गया, जबकि बेटी बेला एस्मारलाडा सुरक्षित जन्मी. इस कठिन दौर के बारे में रोनाल्डो और जॉर्ज‍िना ने सार्वजनिक रूप से भावुक बयान भी जारी किया था.

यह लंबा साथ बड़ा परिवार और वर्षों पुराना रिश्ता ही वजह है कि अब उनकी संभावित शादी को लेकर दुनियाभर के फैन्स की नजरें ट‍िकी हुई हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »