इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में यशस्वी जायसवाल का बल्ला 7 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ गरजा और उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मैच का रुख ही बदल दिया, कुल मिलाकर उन्होंने मैच में धागा ही खोल दिया.
10 चौके और 4 छक्कों से यशस्वी जायसवाल ने 77 रनों की बेजोड़ पारी खेली, जो महज 32 गेंदों पर आई, जायसवाल की पारी का स्ट्राइक रेट 240.62 रहा. खास बात यह रही कि 11 ओवर के इस मैच में यशस्वी ने पहले ही ओवर में 22 रन कूट दिए.
यशस्वी अपनी इस पारी की बदौलत मौजूदा आईपीएल में ऑरेंज कैप होल्डर बन गए हैं, यानी अभी तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी. उनके 3 आईपीएल मैचों में 170 के एवरेज से ही 170 रन बने हैं.
उनका स्ट्राइक रेट 163.46 है. यशस्वी को गुवाहाटी में हुए मैच में वैभव सूर्यवंशी (39) का भी भरपूर साथ मिला. नतीजतन राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13.64 के नेट रन रेट से 11 ओवर्स में 150/3 रन बनाए. जवाब में मुंबई इंडियंस 123/9 ही बना सकी. वहीं राजस्थान ने 27 रनों से मुंबई के खिलाफ जीत दर्ज की.
तो कब होगा टीम इंडिया के टी20 फॉर्मेट में 'यशस्वी भव'
यशस्वी जायसवाल टीम इंडिया के टेस्ट फॉर्मेट के स्थापित ओपनर हैं. वहीं वनडे और टी20 में उनकी जगह अभी पक्की नहीं हैं. इसकी वजह तमाम विश्लेषक यह कह सकते हैं कि वनडे में रोहित शर्मा और शुभगल ओपनर्स हैं, वहीं टी20 में संजू सैमसन ने हाल में टी20 वर्ल्ड कप में प्रभावित किया, वहीं उनके पार्टनर नंबर 1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा थे.
ऐसे में सवाल बनता है कि 24 साल के यशस्वी जायसवाल को कब तक टीम इंडिया में आने के लिए इंतजार करना होगा? चूंकि पिछले कुछ सालों में टीम इंडिया में किसी भी खिलाड़ी की एंट्री, रीएंट्री का सबसे बड़ा मंच आईपीएल ही है, आईपीएल की वजह से ही कई खिलाड़ियों ने टीम इंडिया के कई फॉर्मेट में डेब्यू भी किया है. वहीं यशस्वी जायसवाल भी खुद को आईपीएल में लगातार साबित कर रहे हैं. 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 559, 2024 में 16 मैचों में 435, 2023 आईपीएल के 14 मैचों 625 रन बनाए थे.
यानी एक बात तो साफ है कि वो आईपीएल में खुद को साबित तो कर रहे हैं, लेकिन टीम इंडिया में मौजूदा समय कॉम्बिनेशन ऐसा है कि उनकी जगह बनती नहीं दिख रही है. वहीं एक चीज और भी है, 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद से अभिषेक शर्मा भारतीय टीम के सबसे सफल अपनर बल्लेबाज हैं.
भारतीय टीम में यशस्वी के लिए जग बनाना आसान नहीं है. ओपनिंग में अभिषेक और संजू सैमसन पहले से मौजूद हैं, जबकि नंबर 3 पर ईशान किशन का विकल्प है.
| खिलाड़ी | मैच | रन | एवरेज |
| अभिषेक शर्मा | 43 | 1414 | 34.48 |
| संजू सैमसन | 24 | 821 | 37.31 |
| शुभमन गिल | 22 | 534 | 29.66 |
| यशस्वी जायसवाल | 06 | 221 | 44.2 |
| ईशान किशन | 05 | 176 | 35.2 |
नोट: ये आंकड़े टीम इंडिया के टी20 ओपनर्स के हैं, जो 29 जून 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद से खेले हैं
ईशान किशन वाला मॉडल यशस्वी के साथ अपनाया जाए
यशस्वी को बैकअप ओपनर के तौर पर तो टीम में रखा ही जा सकता है और किसी खिलाड़ी की गैरमौजूदगी में उनको बल्लेबाजी में ओपनिंग छोड़कर किसी और नंबर पर भी ट्राय किया जा सकता है. ध्यान रहे करीब 3 साल बाद जब ईशान किशन टीम इंडिया के टी20 सेटअप में आए तो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में ओपनिंग की, ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप में वह शुरुआती 5 मैच बतौर ओपनर खेले और 4 मैचों में नंबर 3 पर बल्लेबाजी की.
ऐसे में जिस तरह का स्किल सेट यशस्वी का है, वो भी किसी भी नंबर पर खेलने का माद्दा रखते हैं. वह रुककर खेलना भी जानते हैं और जब ताबड़तोड़ खेलना भी जानते हैं. ऐसे में उनकी जगह टी20 सेटअप में बनती है. यशस्वी का का खेल इस सीजन बदलता दिख रहा है. पहले जहां वह पारंपरिक ‘V’ (कवर और मिड-ऑन के बीच) में रन बनाने के लिए जाने जाते थे, अब उन्होंने विकेट के पीछे वाले ‘V’ में भी अपने शॉट्स का दायरा बढ़ा दिया है.
यशस्वी जायसवाल के आईपीएल में आंकड़े (पिछले 3 सीजन के)
| साल | मैच | रन |
| 2025 | 14 | 559 |
| 2024 | 16 | 435 |
| 2023 | 14 | 625 |
वहीं उनके 3 साल के आईपीएल के आंकड़े भी इस बात को साबित कर रहे हैं कि वो टीम इंडिया के टी20 ओपनिंग स्लॉट के लिए अहम दावेदार हैं. दूसरी ओर अभिषेक शर्मा, जिनका हालिया फॉर्म वर्ल्ड कप में ढुलमुल रहा, वो भी आईपीएल के आंकड़े लिहाज से यशस्वी से पीछे हैं.
अभिषेक ने टी20 वर्ल्ड कप के 8 मैचों 141 रन महज 17.62 के एवरेज से बनाए थे. उनका बेस्ट स्कोर 55 का वर्ल्ड कप फाइनल में आया था. अभिषेक वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन की वजह से आलोचना के घेरे में आए थे.
अभिषेक शर्मा के आईपीएल में आंकड़े (पिछले 3 सीजन के)
| साल | मैच | रन |
| 2025 | 14 | 439 |
| 2024 | 16 | 484 |
| 2023 | 11 | 226 |
यशस्वी जायसवाल vs अभिषेक शर्मा के टी20 इंटरनेशनल में आंकडे
अब बात केवल टी20 इंटरनेशनल की ही कर ली जाए तो यशस्वी जायसवाल का फॉर्म शानदार रहा है. उन्होंने 23 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 22 पारियों में 723 रन बनाए हैं, इस दौरान उनका एवरेज 36.15 और स्ट्राइक रेट 164.31 का है, यशस्वी ने इस दौरान एक शतक और 5 अर्धशतक भी जड़े हैं.
दूसरी ओर अभिषेक शर्मा ने 46 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 45 पारियों में 1438 रन 33.44 के एवरेज और 190.46 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. इस दौरान अभिषेक ने 2 शतक और 10 अर्धशतक भी जड़े हैं.
RR के लिए छक्कों के बादशाह कौन
IPL में संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा 192 छक्कों के साथ टॉप पर हैं. उनके बाद जोस बटलर (135), शेन वाटसन (109) और यशस्वी जायसवाल (100) का नाम आता है. जायसवाल तेजी से इस लिस्ट में ऊपर बढ़ रहे हैं.
MI के खिलाफ जायसवाल का जलवा
मुंबई इंडियंस के खिलाफ यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड बेहद दमदार रहा है. 9 पारियों में उन्होंने 373 रन बनाए हैं, उनका एवरेज 53.28 और स्ट्राइक रेट 187.43 रहा है. इस दौरान उनके बल्ले से 1 फिफ्टी और 2 शतक निकले हैं. उनकी पिछली पांच पारियां 124, 10, 104*, 13 और 77* रही हैं, जो उनकी आक्रामकता को दिखाती हैं.
RR के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
राजस्थान रॉयल्स के लिए 50 प्लस स्कोर के मामले में जोस बटलर और संजू सैमसन संयुक्त रूप से टॉप पर हैं, दोनों के नाम 25-25 स्कोर हैं. इसके बाद यशस्वी जायसवाल और अजिंक्य रहाणे के नाम 19-19 अर्धशतक/शतक हैं, जबकि शेन वॉटसन ने 16 बार 50+ स्कोर किया है.
अब चूंकि यशस्वी लगातार खुद को साबित कर रहे हैं, ऐसे में उनके इस प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के टी20 ओपनिंग स्लॉट को लेकर बहस तेज हो गई है. पहले से मौजूद विकल्पों के बीच अब उनकी दावेदारी और मजबूत हो गई है. ऐसे में आईपीएल के बाद जब टीम इंडिया अगले टी20 दौरे के लिए चुनी जाएगी तो सेलेक्टर्स के लिए यह फैसला आसान नहीं रहने वाला, क्योंकि लगातार अच्छे प्रदर्शन से यशस्वी ने खुद को नजरअंदाज करना मुश्किल बना दिया है.
अगर उनका यही फॉर्म जारी रहता है, तो आने वाले समय में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल इतना तय है कि यशस्वी जायसवाल ने अपनी इस तूफानी पारी और तूफानी फॉर्म से यह बात तो साबित कर दी है कि उनको इग्नोर करना बहुत मुश्किल है.
Krishan Kumar