बांग्लादेश ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 104 रनों से हराकर इतिहास रच दिया. अपने घर में पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेशी टीम की ये पहली टेस्ट जीत रही. मंगलवार (12 मई) को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मिली इस ऐतिहासिक जीत ने सिर्फ सीरीज का माहौल ही नहीं बदला, बल्कि आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 की अंकतालिका में भी बड़ा उलटफेर कर दिया.
इस शानदार जीत के बाद बांग्लादेश WTC टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गया है. बांग्लादेश के अब 3 मैचों में 1 जीत, 1 हार और 1 ड्रॉ से 16 अंक हैं. बांग्लादेश के अंकों का प्रतिशत 44.44 है.
वहीं पाकिस्तान सातवें स्थान पर फिसल गया है. इस मुकाबले से पहले पाकिस्तानी टीम भारत से एक पायदान ऊपर पांचवें स्थान पर थी, लेकिन अब वो भारत के अलावा बांग्लादेश से भी पिछड़ चुकी है. पाकिस्तान के नाम पर सिर्फ 12 अंक हैं. पाकिस्तान के अंकों का प्रतिशत 33.33 है.
डब्ल्यटीसी की अंकतालिका में ऑस्ट्रेलिया (87.50 प्रतिशत) पहले, न्यूजीलैंड (77.78 प्रतिशत) दूसरे, साउथ अफ्रीका (75.00 प्रतिशत) तीसरे और श्रीलंका (66.67 प्रतिशत) चौथे स्थान पर काबिज है. भारतीय टीम अब एक स्थान के फायदे के साथ पांचवें नंबर पर आ चुकी है. भारत के 9 मैचों में 4 जीत, 4 हार और एक ड्रॉ से 52 अंक हैं. टीम इंडिया के अंकों का प्रतिशत 48.15 है.
मुकाबले में पाकिस्तानी टीम 268 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 163 रनों पर सिमट गई. बांग्लादेशी टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे तेज गेंदबाज नाहिद राणा रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और पाकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. उनके अलावा तैजुल इस्लाम और तस्कीन अहमद ने दो-दो विकेट झटके.
दूसरी पारी में पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में नजर आई. अब्दुल्ला फजल ने जरूर 66 रन की लड़ाकू पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए. इससे पहले बांग्लादेश की दूसरी पारी में कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने शानदार 87 रन बनाए. वहीं मोमिनुल हक ने 56 रनों की अहम पारी खेली. इन पारियों की बदौलत बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 268 रनों का लक्ष्य रखा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क