'अनुष्का ने अतीत में बहुत कुछ झेला, मेरी पारी उन्हें समर्पित'

विराट कोहली ने कहा, 'अनुष्का शर्मा ने अतीत में बहुत कुछ झेला है तो वह इस श्रेय की भी हकदार है. वह मुझे हमेशा अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है.’

Advertisement
विराट कोहली विराट कोहली

तरुण वर्मा

  • नॉटिंघम (इंग्लैंड),
  • 22 अगस्त 2018,
  • अपडेटेड 8:06 PM IST

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने अच्छे प्रदर्शन का श्रेय पत्नी अनुष्का शर्मा को दिया है. कोहली ने कहा, ‘मैं अपनी पारी अपनी पत्नी को समर्पित करता हूं जो यहां है और मुझे प्रेरित करती रहती है.'

अनुष्का के बारे में बताते हुए कोहली ने कहा, 'उसने अतीत में बहुत कुछ झेला है तो वह इस श्रेय की भी हकदार है. वह मुझे हमेशा अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है.’

Advertisement

विराट कोहली ने यह भी कहा कि उनकी टीम ने कभी खुद पर भरोसा करना बंद नहीं किया हालांकि इंग्लैंड के हाथों पहले दो टेस्ट में हारने के बाद कई लोगों का भरोसा टीम पर से उठ गया था.

कोहली ने तीसरा टेस्ट 203 रन से जीतने के बाद कहा, ‘हम सीरीज में 0-2 से पीछे थे और कई लोगों का भरोसा हम पर से उठ गया. लेकिन हमें खुद पर भरोसा था और यही वजह है कि अब अंतर 1-2 का हो गया है.'

कोहली ने कहा, ‘मायने यह रखता है कि हम ड्रेसिंग रूम में क्या सोचते हैं. बाहर लोग क्या सोचते हैं, यह मायने नहीं रखता. हमें भरोसा है कि हम सीरीज जीत सकते हैं.’

उन्होंने कहा,‘इस सीरीज के लिहाज से यह जीत बहुत जरूरी थी. हमने सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन किया और यह जीत पूरे ड्रेसिंग रूम की है.’

Advertisement

यह पूछने पर कि क्या 2014 में बल्लेबाजी में नाकाम रहने का बोझ अब उतर गया है, कोहली ने कहा, ‘मैंने 2014 की विफलता के बारे में नहीं सोचा, लेकिन टीम की जीत में योगदान देकर खुश हूं.’

कोहली ने कहा कि गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और बल्लेबाज भी समय पर काम आए. उन्होंने कहा, ‘टीम में कोई घबराहट नहीं थी. हमने इस मैच में रन बनाए और गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया. इन दोनों हुनर और स्लिप में अच्छी कैचिंग के साथ हमने मैच जीता.’

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने जीत का श्रेय भारत को देते हुए कहा, ‘हमें भारत को श्रेय देना चाहिए. उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया. हम पहली पारी में अच्छा नहीं खेल सके. टीम चयन को लेकर मुझे कोई खेद नहीं है. हमारी टीम मजबूत थी.’

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement