राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) आईपीएल 2026 के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे हैं. पूरे सीजन में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के होश उड़ाने वाले वैभव इस समय 15 मैचों में 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं.
हालांकि, इस सीजन में दो बार ऐसा हुआ जब वैभव शतक के बेहद करीब पहुंचकर चूक गए. लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने कभी अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड के लिए बल्लेबाजी की रफ्तार धीमी नहीं की. युवा बल्लेबाज ने हमेशा टीम की जरूरत को प्राथमिकता दी और उसी अंदाज में खेलते रहे, जिसके लिए वह जाने जाते हैं.
जियोस्टार से बातचीत में वैभव सूर्यवंशी ने खुलासा किया कि बचपन से ही उनके पिता ने उन्हें टीम के लिए खेलने की सीख दी है. वैभव ने कहा, मेरे पिता हमेशा कहते थे कि अगर तुम शतक, दोहरा शतक या तिहरा शतक भी बना लो, लेकिन टीम मैच नहीं जीतती, तो उन रनों की कोई कीमत नहीं होती. वो सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनकर रह जाते हैं.”
उन्होंने आगे कहा कि टीम जितना आगे जाएगी, उन्हें उतने ज्यादा मौके मिलेंगे बड़े रिकॉर्ड बनाने के. अगर मेरी टीम टूर्नामेंट में लंबे समय तक बनी रहती है और प्लेऑफ-फाइनल तक पहुंचती है, तो मुझे और मौके मिलेंगे शतक बनाने और रिकॉर्ड तोड़ने के. इससे टीम और मुझे दोनों को फायदा होगा.
वैभव की यही सोच आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में भी देखने को मिली. राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 97 रन ठोक दिए थे. उस समय वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से सिर्फ एक चौका दूर थे और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते थे.
यह भी पढ़ें: GT vs RR: 11 छक्के और इतिहास रचेंगे वैभव सूर्यवंशी! GT के खिलाफ टूट सकते हैं IPL के 3 बड़े रिकॉर्ड
लेकिन सुरक्षित सिंगल लेने की बजाय वैभव ने आक्रामक शॉट खेलने का फैसला किया. उन्होंने प्रफुल हिंगे की गेंद पर अपर-कट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे डीप थर्ड मैन पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई. इस तरह वह 29वीं गेंद पर आउट होकर ऐतिहासिक शतक से चूक गए.
यह भी पढ़ें: कहीं वैभव सूर्यवंशी की टीम बिना खेले ना हो जाए IPL से बाहर, गुजरात-राजस्थान मैच पर मंडराया बारिश का खतरा
इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी वैभव ने विस्फोटक बल्लेबाजी की थी. उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन ठोक दिए थे. इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 10 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 244.73 का रहा और राजस्थान रॉयल्स को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
कम उम्र में जिस निडर सोच और टीम-फर्स्ट एटीट्यूड के साथ वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने उन्हें आईपीएल 2026 का सबसे चर्चित खिलाड़ी बना दिया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क