राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (2026) में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. शनिवार (9 मई) को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों पर 36 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे. इस तूफानी पारी के दौरान वैभव ने कुछ तूफानी रिकॉर्ड्स बनाए.
वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट मे सबसे तेज और सबसे कम उम्र में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि सिर्फ 29 टी20 पारियों में हासिल की, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. वैभव ने सिर्फ पारियों के मामले में ही नहीं, बल्कि गेंदों के हिसाब से भी रिकॉर्ड तोड़ दिया. उन्होंने महज 514 गेंदों में अपने 100 T20 छक्के पूरे कर लिए. इससे पहले किसी भी बल्लेबाज ने इतनी कम गेंदों में यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी.
देखा जाए तो वैभव सूर्यवंशी अब एक आईपीएल सीजन के दौरान पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर बन चुके हैं. वैभव ने इस सीजन में पावरप्ले में कुल 30 छक्के लगाए हैं. वैभव अब अभिषेक शर्मा से आगे निकल चुके हैं. अभिषेक ने 2024 के सीजन में पावरप्ले में 29 छक्के जड़े थे. कुल मिलाकर वैभव ने मौजूदा आईपीएल सीजन में अब तक 40 छक्के लगाए हैं.
IPL सीजन में पावरप्ले में सर्वाधिक छक्के
30*- वैभव सूर्यवंशी (2026)
29- अभिषेक शर्मा (2024)
27*- अभिषेक शर्मा (2026)
22- सनथ जयसूर्या (2008)
22- ट्रेविस हेड (2024)
22- यशस्वी जायसवाल (2025)
IPL सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय
42- अभिषेक शर्मा (2024)
40*- वैभव सूर्यवंशी (2026)
39- श्रेयस अय्यर (2025)
38- विराट कोहली (2016)
38- विराट कोहली (2024)
38- सूर्यकुमार यादव (2025)
37- ऋषभ पंत (2018)
वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज के खिलाफ पहली ही गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर शानदार छक्का जड़ दिया. इसके बाद भी उनका आक्रामक अंदाज जारी रहा. हालांकि बाद में सिराज ने उन्हें आउट जरूर किया, लेकिन तब तक वैभव अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा चुके थे. वैभव इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के सबसे सफल बल्लेबाज बनकर उभरे हैं. उन्होंने 11 पारियों में 40.00 की औसत और 236.55 की स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले.
मैच में गुजरात टाइटन्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए में 4 विकेट पर 229 रन बनाए. कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों में 84 रन बनाए, जबकि साई सुदर्शन ने 55 रनों की अहम पारी खेली. जवाब में राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम 152 रनों पर ही सिमट गई और उसे 77 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैन्स को काफी प्रभावित किया है. इतनी कम उम्र में जिस तरह वह बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखकर कई लोग उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार मानने लगे हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क