एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय टी20 टीम को अब वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है. आने वाला एक महीना भारतीय खिलाड़ियों के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है.
टीम इंडिया अगले 26 दिनों के भीतर कुल 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली है. इस कठिन और लगातार चलने वाले दौर की शुरुआत 6 अक्टूबर यानी मंगलवार से वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज से होगी, जिसके तुरंत बाद टीम न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना होगी.
इतने कम दिनों में लगातार 10 मैच के साथ-साथ लगातार होने वाले सफर के चलते खिलाड़ियों की थकान और चोट का खतरा काफी बढ़ सकता है. एशियन गेम्स में टीम को गोल्ड जिताने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने इस खतरे से निपटने के लिए खिलाड़ियों के वर्कलोड को मैनेज करना सबसे बड़ी चुनौती है.
लगातार मुकाबलों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट रोटेशन पॉलिसी का सहारा ले सकता है, जिससे बेंच पर बैठे युवा खिलाड़ियों को भी अपनी काबिलियत साबित करने का पूरा मौका मिल सके.
भारतीय टीम को अब अपने आने वाले मुकाबलों पर फोकस करते हुए बेहतर प्रदर्शन कर जीत के सिलसिले को बरकरार रखना होगा. हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर वेस्टइंडीज की टीम को हल्के में लेने की भूल नहीं करेंगे. वेस्टइंडीज के पास कई ऐसे धुरंधर खिलाड़ी हैं जो भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं.
| मैच | तारीख | स्थान | वेन्यू |
|---|---|---|---|
| पहला T20I | 6 अक्टूबर 2026 | लखनऊ | भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम |
| दूसरा T20I | 9 अक्टूबर 2026 | रांची | जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स |
| तीसरा T20I | 11 अक्टूबर 2026 | इंदौर | होलकर स्टेडियम |
| चौथा T20I | 14 अक्टूबर 2026 | हैदराबाद | राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम |
| पांचवां T20I | 17 अक्टूबर 2026 | बेंगलुरु | एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम |
| मैच | तारीख | स्थान | वेन्यू |
|---|---|---|---|
| पहला T20I | 22 अक्टूबर 2026 | क्राइस्टचर्च | हैगली ओवल |
| दूसरा T20I | 24 अक्टूबर 2026 | क्राइस्टचर्च | हैगली ओवल |
| तीसरा T20I | 27 अक्टूबर 2026 | वेलिंगटन | स्काई स्टेडियम |
| चौथा T20I | 30 अक्टूबर 2026 | ऑकलैंड | ईडन पार्क |
| पांचवां T20I | 1 नवंबर 2026 | हैमिलटन | सेडन पार्क |
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क