इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में इंडिया-ए के तेज गेंदबााज गुरनूर बरार ने शानदार प्रदर्शन किया है. गुरनूर ने श्रीलंका-ए की पहली पारी में चार विकेट झटककर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. खास बात यह है कि गुरनूर का ये प्रदर्शन ऐसे समय आया है, जब अगले महीने भारत को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है.
श्रीलंका-ए ने दूसरे दिन (3 जुलाई) 288/5 के स्कोर से अपनी पहली पारी आगे बढ़ाई थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने पहले ही सत्र में पूरी टीम को 366 रनों पर समेट दिया. इस दौरान सबसे ज्यादा प्रभावित गुरनूर बरार ने किया, जिन्होंने 22 ओवर में 77 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए.
गुरनूर बरार ने पहले दिन पवनथा वीरसिंघे का विकेट लिया था, अब दूसरे दिन उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी. उन्होंने सबसे पहले चमिका गुणसेकरा (13) को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया. इसके बाद उन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर रहे श्रीलंका-ए के कप्तान सहान अराचिगे (127) को पवेलियन भेजकर भारत को सबसे बड़ी सफलता दिलाई. इसके बाद उन्होंने असंका मनोज (4) को बोल्ड कर श्रीलंका की पारी का अंत कर दिया.
यह भी पढ़ें: 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, सामने आया पूरा शेड्यूल
गुरनूर बरार का यह स्पेल सिर्फ चार विकेट तक सीमित नहीं है. इंडिया-ए का श्रीलंका दौरा लंबे समय से चयनकर्ताओं के लिए 'ऑडिशन' माना जाता रहा है, जहां अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीनियर टीम में मौका मिलता है. बरार ने भी ठीक उसी मौके का फायदा उठाया है. श्रीलंका की स्पिन फ्रेंडली पिचों पर शानदार तगेंदबाजी कर गुरनूर ने संदेश दे दिया है कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह सीनियर टीम के लिए भी प्रभाव छोड़ सकते हैं.
डेब्यू ODI सीरीज में बरपाया कहर
घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर गुरनूर बरार को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया था. हालांकि उस मुकाबले में उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट अपने नाम किए.
अब श्रीलंका-ए के खिलाफ चार विकेट लेकर गुरनूर बरार ने टेस्ट टीम में सेलेक्शन के लिए अपनी दावेदारी को और मजबूत कर दिया है. 2022 में फर्स्ट क्लास डेब्यू करने वाले गुरनूर बरार ने अब तक 19 प्रथम श्रेणी मैचों में 56 विकेट हासिल किए हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क