ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले अहमदाबाद में शानदार क्लोजिंग सेरेमनी हुई. इसमें लैटिन पॉप सुपरस्टार रिकी मार्टिन और पंजाबी सिंगर सुखबीर सिंह ने भी गदर काट दिया. गुजराती लोक कलाकार फाल्गुनी पाठक भी इस दौरान मौजूद रहीं.
इन सभी कलाकारों ने अपने-अपने फेमस ट्रैक पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (8 मार्च) को समां बांध दिया. कुल मिलाकर मैदान पर पहुंचे दर्शक इन सभी कलाकारों की प्रस्तुति से झूमने पर मजबूर हो गए.
इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए क्लोजिंग सेरेमनी की झलक दी, जिसमें रिकी मार्टिन (Ricky Martin) और पंजाबी सिंगर सुखबीर सिंह (Sukhbir Singh) के गाने पर थिरकते हुए नजर आए.
ICC द्वारा जारी रिहर्सल वीडियो में रिकी मार्टिन जोश में और भीड़ के बीच डांस करते नजर आ रहे हैं. लैटिन पॉप और पंजाबी भंगड़ा का यह फ्यूजन क्रिकेट फैन्स को खूब पसंद आया. ध्यान रहे भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल है.
खिताबी मुकाबले से पहले आयोजकों ने एक भव्य क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ. जिसमें तीनों कलाकारों ने गजब का परफॉरमेंस किया..
पाठक के साथ करीब 50 बॉलीवुड डांसर थे. उन्होंने मैंने पायल है छनकाई और ओ पिया जैसे लोकप्रिय गीत गाए. सुखबीर ‘ इश्क (ओ हो हो हो )’ और ‘दिल करे’ जैसे चार्टबस्टर गानों गाए.
वहीं रिकी मॉर्टिन दो बार ग्रैमी और पांच बार लैटिन ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके हैं. ‘Livin' la Vida Loca’, ‘She Bangs’ और फुटबॉल एंथम ‘The Cup of Life (La Copa de la Vida)’ जैसे गानों से समां बांध दिया.
इससे पहले रिकी ने क्लोजिंग सेरेमनी में शामिल होने से पहले कहा था कि खेल और म्यूजिक लोगों को एक साथ लाने की ताकत रखते हैं. ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 उसी जुनून का जश्न है. इतने बड़े मौके का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं क्लोजिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने और दुनियाभर के फैन्स के साथ इस टूर्नामेंट के रोमांच का जश्न मनाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं.
aajtak.in