स्मिथ के आंसुओं से भीगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- दिल से माफी मांगता हूं

स्मिथ खचाखच भरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद पर संयम बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी आंखों में बार-बार आंसू आ रहे थे.

Advertisement
स्टीव स्मिथ स्टीव स्मिथ

तरुण वर्मा

  • सिडनी,
  • 29 मार्च 2018,
  • अपडेटेड 4:35 PM IST

स्टीव स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका में बॉल टेंपरिंग की पूरी जिम्मेदारी ली जिससे उनकी छवि दागदार हुई और उन्होंने कहा कि वह काफी निराश हैं और पूरी जिंदगी उन्हें इस घटना का मलाल रहेगा.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ( सीए) ने इस 28 वर्षीय बल्लेबाज पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगाया. साथ ही उनसे कप्तानी भी छीन ली गई. स्मिथ आज दक्षिण अफ्रीका से ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद पांच मिनट की प्रेस कांफ्रेंस में बार-बार रोते रहे.

Advertisement

निराश स्मिथ खचाखच भरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद पर संयम बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी आंखों में बार-बार आंसू आ रहे थे. उन्होंने कहा, ‘‘ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान के तौर पर मैं इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं. मैंने फैसला करने में काफी बड़ी गलती की. अब मुझे इसका परिणाम समझ में आ रहा है. मेरी कप्तानी में यह असफलता रही.'

स्मिथ ने कहा, ‘इससे हुए नुकसान की भरपाई और अपनी गलती को सुधारने के लिए मैं सब कुछ करूंगा. अगर इससे कुछ भला होता है और अगर इससे दूसरों को सबक मिलता है तो मैं उम्मीद करता हूं कि मैं यह बदलाव कर पाऊंगा. मुझे पता है कि मुझे पूरी जिंदगी इसका पछतावा रहेगा. मैं बहुत निराश हूं.'

स्मिथ ने कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि समय के साथ मुझे माफी मिल जाएगी और मैं वो सम्मान हासिल कर लूंगा. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है. क्रिकेट दुनिया का सबसे शानदार खेल है. यह मेरी जिंदगी रही है और मैं उम्मीद करता हूं कि यह दोबारा हो सकता है. मैं माफी मांगता हूं और बहुत निराश हूं.'

Advertisement

स्मिथ ने हालांकि इस प्रकरण में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को दोषी ठहराने से इनकार कर दिया, उन्होंने कहा कि वह इस समय खुद को ही दोषी मान सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘ अच्छे लोग गलतियां करते हैं. मैंने यह करने की अनुमति देकर बड़ी गलती की.'

स्मिथ ने कहा, 'मैंने निर्णय करने में गलती की और मैं माफी मांगता हूं. मेरी जानकारी में यह पहली बार है, जब मैंने ऐसा होते हुए देखा है. मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि यह दोबारा कभी नहीं होगा.'

स्मिथ ने कहा, ‘मैं किसी को भी दोषी नहीं ठहराता. मैं ऑस्ट्रेलियाई टीम का कप्तान हूं और मैं केपटाउन में पिछले शनिवार को जो कुछ हुआ मैं उसकी जिम्मेदारी लेता हूं.'

स्मिथ पिछले दो साल से ऑस्ट्रेलिया के कप्तान थे. उन्होंने कहा, 'मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए सम्मानित महसूस करता हूं. क्रिकेट मेरा जीवन रहा है और मुझे उम्मीद है कि दोबारा ऐसा होगा.'

गेंद से छेड़छाड़ के मामले में मुख्य रूप से दोषी डेविड वॉर्नर को माना जा रहा है. इस बारे में पूछे जाने पर स्मिथ ने साफ शब्दों में वॉर्नर पर जिम्मेदारी थोपने से इनकार कर दिया और गलती के लिए खुद जिम्मेदारी ली.

स्मिथ ने रोते हुए कहा, 'मुझे माफ कर दें. मैं किसी और को दोष नहीं दे रहा हूं. मैं ऑस्ट्रेलियाई टीम का कप्तान था. यह सब मेरे सामने हुआ. मैं इस घटना की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं.'

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »