'जाओ, रिव्यू ले लो...', बांग्लादेशी टीम को उकसाने लगे स्टीव स्मिथ, अंपायर ने दी कड़ी चेतावनी

स्टीव स्मिथ और बांग्लादेशी टीम के बीच डीआरएस को लेकर चल रही जुबानी जंग ने नया मोड़ ले लिया है. फर्क सिर्फ इतना रहा कि पिछले टेस्ट में मामला खिलाड़ियों के बीच सीमित था, जबकि इस बार अंपायर को दखल देना पड़ा.

Advertisement
मांडगेम खेलने से बाज नहीं आ रहे स्टीव स्मिथ. (Photo: AFP) मांडगेम खेलने से बाज नहीं आ रहे स्टीव स्मिथ. (Photo: AFP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • मैके,
  • 22 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 12:43 PM IST

मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले के पहले दिन पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ भी सुर्खियों में रहे. स्मिथ एक बार फिर डीआरएस को लेकर माइंड गेम के कारण चर्चा में आ गए. बांग्लादेश के गेंदबाज तस्कीन अहमद ने उनके खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की तो स्मिथ विपक्षी टीम की रिव्यू पर चल रही बातचीत में शामिल हो गए. मामला इतना बढ़ा कि अंपायर को स्मिथ के पास जाकर उन्हें समझाना पड़ा.

Advertisement

यह घटना ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के नौवें ओवर में हुई. तस्कीन अहमद की गेंद स्मिथ के पैड पर लगी और बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की. अंपायर नितिन मेनन ने स्मिथ को नॉटआउट करार दिया. तस्कीन को हालांकि भरोसा था कि उनके पास विकेट हासिल करने का मौका है. उन्होंने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो से डीआरएस लेने के लिए कहा. शांतो और तस्कीन रिव्यू पर चर्चा कर ही रहे थे कि स्मिथ भी बातचीत में कूद पड़े. Fox Cricket के मुताबिक स्मिथ ने कहा कि वह गेंद खेलते समय क्रीज से काफी आगे निकल चुके थे और बॉल स्टम्प्स के काफी ऊपर से निकलती. इसके बाद उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ियों को रिव्यू लेने के लिए भी उकसाया. शांतो ने आखिरकार डीआरएस नहीं लेने का फैसला किया.

स्टीव स्मिथ की दखलअंदाजी अंपायर की नजरों से नहीं बची. नितिन मेनन उनके पास पहुंचे और बातचीत की. उन्हें समझाया गया कि डीआरएस लेना है या नहीं, इसका फैसला फील्डिंग टीम को खुद करने देना चाहिए. स्मिथ ने अंपायर की बात सुनते हुए सिर हिलाया, हालांकि वह इस हस्तक्षेप से कुछ हैरान भी नजर आए. कमेंटेटर ब्रैंडन जूलियन ने अंपायरों के कदम का समर्थन करते हुए कहा कि बल्लेबाज को विपक्षी टीम की रिव्यू संबंधी बातचीत को प्रभावित करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.

Advertisement

इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि पहले टेस्ट से जुड़ी है. डार्विन में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान इबादत हुसैन की गेंद पर स्टीव स्मिथ के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील हुई थी. उस समय भी स्मिथ ने इशारा करके दावा किया था कि गेंद काफी ऊपर लगी है और बांग्लादेश को रिव्यू लेने से पहले सोचने के लिए मजबूर किया. टीम ने डीआरएस नहीं लिया और बाद में रिप्ले में भी गेंद स्टम्प्स के ऊपर जाती दिखाई दी. स्मिथ ने उस पारी में 71 रन बनाए थे.

डार्विन में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान स्टीव स्मिथ और बांग्लादेशी खिलाड़ियों के बीच मामला और गर्म हो गया था. तैजुल इस्लाम की गेंद पर विकेट के पीछे कैच की अपील खारिज होने के बाद स्मिथ ने खुद विपक्षी खिलाड़ियों को डीआरएस लेने के लिए चुनौती दी. स्मिथ ने कहा था, "ले लो. चलो, ले लो... एक और बर्बाद करो.' इसके बाद विकेटकीपर लिटन दास और स्मिथ के बीच बहस हुई थी. लिटन ने उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने के लिए कहा था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »