Sri Lanka vs Pakistan T20 WC Highlights: पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हराया, लेकिन सेमीफाइनल का सपना टूटा

Sri Lanka vs Pakistan T20 World Cup 2026 Cricket Score: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने का पाकिस्तान का सपना टूट गया है. श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सुपर-8 के मैच में पाकिस्तान मेजबान को 147 रनों के अंदर नहीं रोक सका. हालांकि, पाकिस्तान ने 5 रनों से ये मुकाबला जीत लिया.

Advertisement
श्रीलंका ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल की रेस से किया बाहर (Photo: ITG) श्रीलंका ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल की रेस से किया बाहर (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:56 PM IST

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान ने 5 रनों से जीत हासिल की लेकिन पाकिस्तान सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया है. यानी पाकिस्तान के लिए इस टी20 वर्ल्ड कप का सफर अब खत्म हो गया है. पाकिस्तान की इस हार से न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है. यानी ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम क्वालिफाई कर गई है.

Advertisement

दरअसल, इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के शतक के दम पर श्रीलंका के सामने 213 रनों का लक्ष्य रखा था. अगर पाकिस्तानी गेंदबाज श्रीलंका को 147 रनों तक रोक लेते तो पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच जाता. क्योंकि तब उसका नेट रन रेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो जाता. लेकिन 16वें ओवर में श्रीलंका ने 147 का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके बाद श्रीलंका जीत के करीब भी पहुंच गया था. आखिरी ओवर में उसे 28 रन चाहिए थे. लेकिन 5 रनों से पाकिस्तान ने ये मैच जीत लिया.

ऐसी रही श्रीलंका की बैटिंग

213 रनों के जवाब में उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही, और दूसरे ही ओवर में पथुम निसंका का विकेट नसीम शाह ने झटका. इसके बाद 33 के स्कोर पर श्रीलंका को दूसरा झटका लग गया. फिर चरिथ असलंका ने अच्छी बल्लेबाजी की और 75 तक स्कोर को ले गए लेकिन फिर अपना विकेट गंवा बैठे. फिर 94 के स्कोर पर श्रीलंका को चौथा और 101 के स्कोर पर 5वां झटका लगा.

Advertisement

लेकिन इसके बाद दसुन शनाका और पवन रथनायके के बीच कमाल की साझेदारी हुई. दोनों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया. पवन ने शानदार फिफ्टी जड़ी और 16वें ओवर में ही 147 का वो जादुई आंकड़ा भी पार कर लिया जिसके दम पर पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकता था. पवन का विकेट 18वें ओवर में गिरा जब वो 37 गेंद में 58 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए.

लेकिन इसके बाद दसुन शनाका ने आतिशी बैटिंग की. आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 28 रन चाहिए थे. लेकिन शनाका केवल एक शॉट नहीं लगा सके और पाकिस्तान 5 रन से ये मैच जीत पाया. शनाका ने 31 गेंद में 76 रनों की पारी खेली. उन्होंने 2 चौके और 8 छक्के लगाए.

ऐसे चली पाकिस्तान की बल्लेबाजी

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद शानदार रही. फरहान साहिबजादा और फखर जमान ने श्रीलंका के गेंदबाजों को पहले ही ओवर से आंड़े हाथों लिया. दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की. आलम ये रहा की पाकिस्तान ने 8 ओवर में ही 78 रन जड़ दिए थे. लेकिन इसके बाद भी दोनों नहीं रुके. दोनों ने तूफानी फिफ्टी जड़ी और लगातार आक्रामक बैटिंग जारी रखी.

आखिरकार दोनों के बीच 176 रनों की साझेदारी हुई. पाकिस्तान को पहला झटका तब लगा जब 16वें ओवर में फखर जमां 42 गेंद में 84 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद पाकिस्तान को अगले ही ओवर में दूसरा झटका लगा जब नफे 2 रन बनाकर आउट हो गया. इसके बाद तीसरा झटका पाकिस्तान को 198 के स्कोर पर लगा जब शादाब खान रन आउट हुए. शादाब ने 7 रन बनाए. लेकिन इसी बीच फरहान ने 59 गेंदों में शतक जड़ दिया. लेकिन 19वें ओवर में ही पाकिस्तान को चौथा झटका लगा जब नवाज बिना खाता खोले आउट हो गए. 20वें ओवर में फरहान का विकेट गिरा. फरहान ने 60 गेंदों में 100 रन बनाए. फरहान के बल्ले से 9 चौके और 5 छक्के लगाए. लेकिन आखिरी 2 ओवर में पाकिस्तान के बल्लेबाज आए और गए. आखिरकार पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए.

Advertisement

सेमीफाइनल के लिए 3 टीमें फाइनल

अब सेमीफाइनल के लिए तीन टीमें कंफर्म हो गई हैं. इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम ग्रुप 2 से क्वालिफाई कर गई है. जबकि ग्रुप 1 से साउथ अफ्रीका का नाम फाइनल है. चौथी टीम का फैसला रविवार को होगा जब वेस्टइंडीज और भारत के बीच मैच खेला जाएगा. इस मैच का विनर सेमीफाइनल में क्वालिफाई कर जाएगा.

पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), ख्वाजा नफे, उस्मान खान, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद, उस्मान तारिक.

श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, कामिल मिशारा, चैरिथ असलांका, पवन रथनायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका, जेनिथ लियानगे, डुनिथ वेलालेज, महीश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement