काव्या मारन की SRH रिपीट कर पाएगी 2016 वाली हिस्ट्री? प्लेऑफ में लगानी होगी जीत की हैट्रिक

2016 में एलिमिनेटर खेलकर आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी सनराइजर्स हैदराबाद फिर इतिहास दोहराने के करीब है. सनराइजर्स हैदराबाद इकलौती टीम है, जिसने एलिमिनेटर मुकाबला खेलने के बावजूद ट्रॉफी उठाई.

Advertisement
सनराइजर्स हैदराबाद को एलिमिनेटर खेलना है. (Photo: PTI) सनराइजर्स हैदराबाद को एलिमिनेटर खेलना है. (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 24 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:00 AM IST

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) के 19वें सीजन में प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है. काव्या मारन की एसआरएच पॉइंट्स टेबल मे तीसरे पायदान पर है. सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को अपना एलिमिनेटर मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में खेलेगी.

अगर सनराइजर्स हैदराबाद ये मुकाबला जीत जाती है तो 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में ही क्वालिफायर-2 खेलेगी. आईपीएल फाइनल में पहुंचने के लिए SRH को क्वालिफायर-2 जीतना होगा.

Advertisement

2016 में भी एसआरएच ये कारनामा कर चुकी है. सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल इतिहास की इकलौती टीम है, जिसने एलिमिनेटर मुकाबला खेलकर ट्रॉफी जीती है. 

IPL 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद ने एलिमिनेटर से लेकर फाइनल तक का सफर तय कर इतिहास रच दिया था. उस सीजन में SRH ने प्लेऑफ में पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और फिर गुजरात लायन्स (GL) को हराया था. इसके बाद फाइनल में टीम का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हुआ था.

यह भी पढ़ें: ट्रेविस हेड से भिड़ गए विराट कोहली... मैच के बाद हाथ भी नहीं मिलाया, VIDEO

SRH ने फाइनल में आरसीबी के खिलाफ 208 रन डिफेंड करते हुए पहली बार IPL खिताब अपने नाम किया था. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) भी 2011 के सीजन में एलिमिनेटर खेलकर फाइनल में पहुंची थी, हालांकि वो खिताब नहीं जीत पाई थी.

SRH टीम है फॉर्म में, जीत सकती है आईपीएल

Advertisement

इस सीजन सनराइजर्स हैदराबाद की सबसे बड़ी ताकत उसकी विस्फोटक बल्लेबाजी रही है. टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज लगातार रन बना रहे हैं और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना रहे हैं.

इस आईपीएल सीजन SRH के बल्लेबाज जबरदस्त फॉर्म में हैं. हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं. हेनरिक क्लासेन ने इस आईपीएल सीजन में 14 मैच खेलकर 606 रन स्कोर किए हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने 563 और ईशान किशन ने 569 रन बनाए हैं.

यह भी पढ़ें: 'शरीर को असमंजस में रहने दो...', विराट कोहली से तकरार के बाद ट्रेविस हेड का पोस्ट VIRAL

गेंदबाजी में ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं. ईशान मलिंगा ने 14 मैचों में 19 विकेट लिए हैं, जबकि साकिब हुसैन ने 10 मैचों मे 15 विकेट झटके हैं. SRH की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों संतुलित नजर आ रही है, यही वजह है कि टीम को इस बार खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

अगर इस बार भी सनराइजर्स हैदराबाद एलिमिनेटर खेलकर ट्रॉफी जीतती है, तो वह IPL में दो बार ऐसा करने वाली पहली टीम बन जाएगी.

सनराइजर्स हैदराबाद का स्क्वॉड: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ट्रेविस हेड, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, कमिंदु मेंडिस, जीशान अंसारी, गेराल्ड कोएट्जी, दिलशान मदुशंका, क्रेन्स फुलेत्रा, ओंकार तरमाले, आरएस अम्बरीश और अमित कुमार. 

Advertisement

(Report: Vijay Singh)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement