साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के दौरान मैदान के बाहर एक ऐसा मजेदार वाकया हुआ, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया. केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में दो ऑफिस कर्मचारी अपनी डेस्क पर बैठकर लाइव मैच देखने में मशगूल थे. लेकिन तभी कैमरे ने उन्हें पकड़ लिया और स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर उनकी तस्वीर दिखने लगी.
यह घटना मंगलवार (27 अक्टूबर) को सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन हुई. दोनों कर्मचारी स्टेडियम के सामने स्थित अपने ऑफिस में बैठकर मैच का मजा ले रहे थे. उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि लाइव प्रसारण के कैमरे उनकी ओर घूम जाएंगे.
जैसे ही दोनों की नजर स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर पड़ी और उन्हें एहसास हुआ कि हजारों दर्शक उन्हें देख रहे हैं, उन्होंने तुरंत अपनी कुर्सियां कंप्यूटर की ओर घुमा लीं. दोनों ऐसे काम करने लगे, मानो वे काफी देर से अपने ऑफिस के काम में व्यस्त हों. उनकी इस अचानक बदली प्रतिक्रिया का वीडियो वायरल हो गया.
साउथ अफ्रीका ने बनाए 329 रन
मैदान पर भी साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का निर्णायक मुकाबला चल रहा था. पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम 82.3 ओवर में 329 रन पर ऑलआउट हो गई.
मार्क्स एकरमैन ने 95 रन बनाए और शतक से चूक गए. एडेन मार्करम ने 78 रन की पारी खेली, जबकि डेविड बेडिंगम ने 50 और मार्को जानसेन ने 52 रन का योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 72 रन देकर 6 विकेट झटके. तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर थी, ऐसे में तीसरे टेस्ट से निर्णायक नतीजे की उम्मीद थी. बुधवार को मैच का दूसरा दिन रहा. हालांकि, मैदान पर मुकाबले के बीच इन दो कर्मचारियों की हरकत ने दर्शकों को हंसने का एक अलग मौका दे दिया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क