पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सऊदी अरब में क्रिकेट के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. गुरुवार (2 जुलाई) को PCB और सऊदी अरब क्रिकेट फेडरेशन (SACF) के बीच जेद्दा में एक आधुनिक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए रणनीतिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए.
यह समझौता PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी और सऊदी अरब क्रिकेट फेडरेशन के प्रमुख सऊद बिन मिशाल बिन मोहम्मद अल सऊद के बीच हुआ.
PCB ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह पहली बार है जब दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच इस तरह का रणनीतिक समझौता हुआ है. इस परियोजना के तहत जेद्दा में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक सुविधाओं वाला क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: 'वैभव को अब और मत रोको...', बेबी बॉस का फैन हुआ पाकिस्तानी दिग्गज, टीम इंडिया को दी खास सलाह
स्टेडियम की सभी सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मानकों के अनुसार विकसित की जाएंगी. PCB के अनुसार, दोनों बोर्ड क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, तकनीकी विशेषज्ञता, स्टेडियम की योजना और संचालन संबंधी मानकों पर मिलकर काम करेंगे.
इस परियोजना का उद्देश्य सऊदी अरब को भविष्य में इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों और बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी के लिए तैयार करना है. यह पहल सऊदी अरब के विजन 2030 को भी मजबूती देगी, जिसके तहत देश खेलों और पर्यटन के क्षेत्र में बड़े निवेश कर रहा है.
मोहसिन नकवी ने कहा कि यह परियोजना सऊदी अरब में क्रिकेट के प्रचार-प्रसार के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने कहा कि यह साझेदारी वैश्विक क्रिकेट समुदाय को एक साथ लाएगी और आने वाले वर्षों के लिए एक स्थायी विरासत छोड़ेगी.
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान ने बनवाया क्रिकेट स्टेडियम, वीडियो में नजर आया 'पाकिस्तानी' खिलाड़ी
सऊदी दौरे के दौरान मोहसिन नकवी ने सऊदी अरब के गृह मंत्री प्रिंस अब्दुल अजीज़ बिन सऊद से भी मुलाकात की. दोनों देशों ने सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा सुरक्षा सहयोग से जुड़े एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए.
गौरतलब है कि पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच पहले से ही मजबूत रणनीतिक संबंध हैं. पिछले वर्ष दोनों देशों ने रक्षा सहयोग से जुड़ा एक महत्वपूर्ण समझौता भी किया था.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क