दक्षिण अफ्रीका के ऑफ स्पिनर डेन पिट आईसीसी एलीट सदस्य देश में अपने करियर को अलविदा कहकर अमेरिका बसने जा रहे हैं. उनका सपना एक दिन इस एसोसिएट देश को विश्व कप में देखने का है.
दक्षिण अफ्रीका के लिए नौ टेस्ट खेल चुके पिट अगले कुछ महीने में अमेरिका जाएंगे, जहां उन्हें माइनर लीग टी20 टूर्नामेंट खेलना है. उन्होंने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा,‘अमेरिका को पिछले साल ही वनडे टीम का दर्जा मिला है. मैंने सुबह करार किया, लेकिन कोई नहीं जानता कि मैं कब वहां जा सकूंगा.'
30 साल के पिट ने कहा, 'आर्थिक और जीवनशैली से जुड़े कारणों से मैं इस पेशकश को मना नहीं कर सका, लेकिन यह कठिन फैसला था.’ उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण अफ्रीका टीम में निकट भविष्य में उनके लिए जगह दिख नहीं रही है और यह भी उनके फैसले की एक वजह थी.
पिट ने साउथ अफ्रीकी की ओर से 9 टेस्ट मैचों में 26 विकेट चटकाए हैं. उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू 2014 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में किया था. आखिरी बार अक्टूबर 2019 में उन्होंने भारत के खिलाफ रांची टेस्ट में खेला था.
aajtak.in