'भुवनेश्वर कुमार को एक मौका तो दो...', इस दिग्गज ने BCCI से की खास अपील, 2027 वर्ल्ड कप का दिया हवाला

आगामी वनडे वर्ल्ड कप के मद्देनजर भारतीय दिग्गज रविचंद्रन अश्विन ने चयनकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया है. अश्विन का मानना है कि सिर्फ युवा तेज गेंदबाजों के भरोसे विश्व कप जीतना आसान नहीं होगा. उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी की जोरदार वकालत की.

Advertisement
भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था. (Photo: AFP) भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था. (Photo: AFP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 26 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर बड़ा बयान दिया है. अश्विन का मानना है कि अगर टीम इंडिया को विश्व कप जीतना है तो सिर्फ युवा तेज गेंदबाजों के भरोसे नहीं रहा जा सकता. उन्होंने चयनकर्ताओं से अपील की है कि अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को एक बार फिर राष्ट्रीय टीम में मौका दिया जाए.

Advertisement

रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि भुवनेश्वर ने पिछले दो IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) सीजन में अपनी फिटनेस और प्रदर्शन से साबित कर दिया कि उनमें अभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट बचा हुआ है. उनके मुताबिक, विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अनुभव सबसे बड़ा हथियार होता है और भुवनेश्वर वही अनुभव भारतीय टीम को दे सकते हैं. अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा कि वह यह नहीं कह रहे कि भुवनेश्वर कुमार को सीधे विश्व कप टीम में शामिल कर लिया जाए, लेकिन उन्हें कम से कम एक मौका जरूर मिलना चाहिए.

रविचंद्रन अश्विन ने कहा, 'क्यों नहीं? मौजूदा समय में हमारी फास्ट बॉलिंग में संघर्ष नजर आ रहा है. भुवनेश्वर कुमार पर जरूर विचार होना चाहिए. मैं यह नहीं कह रहा कि उन्हें सीधे टीम में ले लो, लेकिन कम से कम एक मौका देकर देखो. उन्होंने आरसीबी के लिए लगातार दो सीजन खेलकर खुद को फिट साबित किया है. नई गेंद को स्विंग कराने की उनकी क्षमता, डेथ ओवरों में गेंदबाजी और निचले क्रम में बल्लेबाजी टीम के लिए काफी उपयोगी हो सकती है.'

Advertisement

भुवी में क्या है खास? अश्विन ने बताया
रविचंद्रन अश्विन ने भुवनेश्वर के आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अनुभवी तेज गेंदबाज ने पिछले दो सीजन में खुद को फिट रखा और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिताब जीतने में सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक रहे. अश्विन कहते हैं, 'भुवनेश्वर सिर्फ नई गेंद से विकेट लेने वाले गेंदबाज नहीं हैं, बल्कि डेथ ओवरों में भी रन रोकने की क्षमता रखते हैं. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं, जो उन्हें अन्य तेज गेंदबाजों से अलग बनाती है.'
यह भी पढ़ें: IND vs ZIM: अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, बल्ले से नहीं चला जादू तो गेंद से बना दिया 'महारिकॉर्ड'

रविचंद्रन अश्विन ने मौजूदा भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि युवा गेंदबाजों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अनुभव की बराबर जरूरत होती है. अश्विन ने कहा, 'गुरनूर, प्रसिद्ध और प्रिंस... क्या आप इन्हीं गेंदबाजों के साथ वर्ल्ड कप खेलना चाहेंगे? मुझे पूरी तरह भरोसा नहीं है. इनमें से एक-दो खिलाड़ी जरूर टीम में हो सकते हैं, लेकिन उनके साथ बुमराह, हर्षित राणा और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाज होने चाहिए. युवा और अनुभव का यही संतुलन टीम को मजबूत बनाएगा.'
यह भी पढ़ें: 'उसकी क्या गलती है जो मौका नहीं मिल रहा?' मैच से पहले फूटा दिग्गज का गुस्सा, उठाए सवाल

Advertisement

रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप अब ज्यादा दूर नहीं है. ऐसे में लगातार नए खिलाड़ियों को आजमाने के बजाय चयनकर्ताओं को अपनी मुख्य तेज गेंदबाजी यूनिट तय कर लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि हर्षित राणा, गुरनूर बरार और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे गेंदबाजों को पर्याप्त मौके मिल चुके हैं. अब समय आ गया है कि विश्व कप के लिए चार या पांच तेज गेंदबाजों का एक कोर ग्रुप तैयार किया जाए.

रविचंद्रन अश्विन कहते हैं, 'अब खिलाड़ियों को तैयार करने का समय नहीं है. अब यह पहचानना होगा कि आपके चार या पांच प्रमुख तेज गेंदबाज कौन होंगे, जिनमें से तीन विश्व कप खेलेंगे. इसलिए भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ी को चर्चा से बाहर नहीं रखा जा सकता."

36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं, लेकिन आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है. नई गेंद से स्विंग, डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर और दबाव में शांत रहने की क्षमता उन्हें आज भी भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल करती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »