IPL 2026 अपने आखिरी और सबसे रोमांचक पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. आज मुकाबला पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच है. ये मुकाबला धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर है. जहां टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है. पंजाब की बल्लेबाजी जारी है. इस मैच का लाइव स्कोरकार्ड और पल-पल की अपडेट जानने के लिए इस पेज को लगातार रिफ्रेश करते रहें...
ऐसे चल रही है पंजाब की बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब की पारी का आगाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने किया. दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की. इसी बीच, प्रियांश आर्य ने 24 गेंद में फिफ्टी जड़ी. पंजाब को पहला झटका 7वें ओवर में लगा जब प्रभसिमरन सिंह 18 रन बनाकर आउट हो गए. 9वें ओवर में पंजाब को दूसरा झटका लगा जब प्रियांश आर्य 56 रन बनाकर माधव तिवारी का शिकार बने.
पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर, सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, मार्को जानसन, बेन द्वारशुइस, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल, अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, माधव तिवारी, मुकेश कुमार, आकिब नबी डार, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी.
पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है. टीम लगातार तीन हार झेल चुकी है और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए वापसी जरूरी हो गई है. हालांकि बल्लेबाज़ी पंजाब की सबसे बड़ी ताकत रही है. लेकिन पंजाब की सबसे बड़ी चिंता उसकी गेंदबाज़ी है.
दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स का हाल और भी खराब है. सीजन की शानदार शुरुआत अब बीती बात लग रही है. टीम की प्लेऑफ उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं और नेट रनरेट भी बेहद खराब है. कप्तान Axar Patel ने संकेत दिए हैं कि अब टीम अगले सीजन को ध्यान में रखकर बेंच खिलाड़ियों को मौका दे सकती है.
हालांकि ऐसे हालात में टीमें अक्सर बिना दबाव के खतरनाक साबित होती हैं. यही वजह है कि पंजाब इस मुकाबले को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकती.
मौसम और पिच रिपोर्ट
धर्मशाला में दिन के समय गरज के साथ बारिश की संभावना है, हालांकि मैच के दौरान मौसम बेहतर रहने की उम्मीद है. बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है.
HPCA स्टेडियम बल्लेबाज़ों के लिए स्वर्ग साबित हुआ है. IPL 2023 के बाद यहां पहली पारी का औसत स्कोर 209 रहा है, जो इस दौरान इस्तेमाल हुए 14 वेन्यू में सबसे ज्यादा है. यानी फैंस को एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है.
हेड टू हेड
दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर रही है.
कुल मुकाबले: पंजाब 18 - 17 दिल्ली
2023 के बाद: पंजाब 3 - 2 दिल्ली
धर्मशाला में रिकॉर्ड: 2-2 की बराबरी
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क