केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेले गए रोमांचक टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 176 रनों से धूल चटाकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. पांचवें दिन 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कंगारू टीम महज 111 रनों पर ढेर हो गई.
इस करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने अपनी टीम की खराब बल्लेबाजी पर खुलकर गुस्सा जाहिर किया. कप्तान कमिंस ने हार का जिम्मेदार बल्लेबाजों के गलत शॉट के चयन को ठहराया है.
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने माना कि पांचवें दिन की पिच पर बल्लेबाजी आसान नहीं थी. लेकिन उनके बल्लेबाजों ने बेहद खराब प्रदर्शन किया. कमिंस ने कहा कि हमारे बल्लेबाजों ने कुछ बेहद खराब फैसले लिए. मैं जानता हूं कि यह पांचवें दिन की पिच थी, लेकिन यह इतनी भी खराब नहीं थी. वहां रन बनाए जा सकते थे और क्रीज पर टिकने के लिए काफी गेंदें थीं. कुछ शॉट ऐसे थे जिन्हें खिलाड़ी दोबारा कभी नहीं खेलना चाहेंगे.
कमिंस ने यह भी स्वीकार किया कि पारी की शुरुआत में ही विकेट गंवाने के कारण टीम दबाव में आ गई, जबकि 288 रन का लक्ष्य पूरी तरह से हासिल करने योग्य था. उन्होंने माना कि पिछले कुछ समय से टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और इसमें सुधार करने की बहुत जरूरत है.
टॉस के फैसले पर क्या बोले कमिंस?
मैच की शुरुआत में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने के अपने फैसले पर कमिंस ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था कि पहले दिन पिच से तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलेगी.
हालांकि वैसा हुआ नहीं. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 329 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 429 रन बनाकर 100 रनों की मजबूत बढ़त भी हासिल कर ली थी. लेकिन दूसरी पारी में खराब बल्लेबाजी के चलते उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क