पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 25 अक्टूबर 2026 को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए वनडे ट्राई-सीरीज मुकाबले में ऐसा रोमांच देखने को मिला, जिसे फैन्स लंबे समय तक याद रखेंगे. इंग्लैंड की टीम ने एक समय जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया था, लेकिन शादाब खान और हारिस रऊफ ने आखिरी विकेट के लिए शानदार साझेदारी करके पाकिस्तान को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी.
शादाब खान ने हार के मुंह से निकाला पाकिस्तान
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने 242 रन का लक्ष्य रखा था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम मुश्किल में फंस गई. टीम ने सिर्फ 154 रनों स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा दिए थे. ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से मुकाबला जीत जाएगा.
लेकिन इसके बाद शादाब खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने एक छोर संभाले रखा और टीम को जीत की उम्मीद दिलाई. इस दौरान शादाब अपने पहले वनडे शतक के करीब पहुंच गए.
यह भी पढ़ें: वैभव से भिड़ने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटर की ODI टीम से छुट्टी, ट्राई सीरीज के बीच PCB का बड़ा फैसला
इंग्लैंड ने मनाया जीत का जश्न, फिर पलट गया फैसला
मैच का सबसे नाटकीय पल 45वें ओवर में आया. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की गेंद पर अंपायर ने शादाब खान को LBW आउट दे दिया. उस समय शादाब 97 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे.
इंग्लैंड के खिलाड़ियों को लगा कि उन्होंने मुकाबला जीत लिया है. खिलाड़ी शादाब के पास जाकर हाथ मिलाने लगे. टीवी पर भी कुछ समय के लिए इंग्लैंड को विजेता दिखाया गया.
लेकिन शादाब ने आखिरी मौके पर DRS लेने का फैसला किया. रिप्ले में अल्ट्राएज से पता चला कि गेंद पहले उनके बल्ले से लगी थी. इसके बाद अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और शादाब को नॉट आउट करार दिया गया. इस फैसले ने पूरे मैच की कहानी बदल दी. शादाब को एक और मौका मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया.
शादाब का शतक, हारिस रऊफ ने भी दिया पूरा साथ
जीवनदान मिलने के बाद शादाब खान ने अपना पहला वनडे शतक पूरा किया. उन्होंने नाबाद 113* रन की शानदार पारी खेली. दूसरी तरफ, नंबर-11 पर बल्लेबाजी करने आए हारिस रऊफ ने भी उनका बेहतरीन साथ दिया.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच में हाईवोल्टेज ड्रामा... हारिस रऊफ-विल जैक्स की भिड़ंत, अंपायर से भी तीखी बहस, VIDEO
दोनों बल्लेबाजों ने आखिरी विकेट के लिए नाबाद 89* रन जोड़े. इस साझेदारी की मदद से पाकिस्तान ने लक्ष्य हासिल कर लिया. सफल वनडे रन चेज में दसवें विकेट के लिए यह वर्ल्ड रिकॉर्ड साझेदारी बनी.
शादाब खान बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
शानदार प्रदर्शन के लिए शादाब खान को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. जीत के बाद उन्होंने हारिस रऊफ की तारीफ करते हुए कहा कि इस साझेदारी में हारिस को भी पूरा श्रेय मिलना चाहिए. हारिस रऊफ भी 7 रन बनाकर आखिरी तक क्रीज पर जमे रहे थे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क