क्रिकेट की दुनिया में कब क्या देखने को मिल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. इन दिनों पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसे देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं.
वीडियो में रिजवान अपने घर की छत पर फुल गियर यानी हेलमेट, पैड और ग्लव्स पहनकर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं. वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रिजवान मार्बल के सख्त फर्श पर बिना किसी पिच के सीधे डंडे से अभ्यास कर रहे हैं.
मार्बल की इस सतह पर गेंद जरूरत से ज्यादा उछाल ले रही है और तेजी से फिसल भी रही है. इस अजीबोगरीब प्रैक्टिस के दौरान रिजवान शॉर्ट गेंदों पर बैकफुट पर जाकर पुल शॉट खेलते और ऑफ स्टॉप से बाहर जाती गेंदों को छोड़ते नजर आए.
लेकिन जैसी ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, सोशल मीडिया ट्रोल्स और क्रिकेट फैन्स को पाकिस्तान के इस खिलाड़ी की मौज लेने का पूरा मौका मिल गया. फैन्स ने उनकी इस छत वाली ट्रेनिंग का जमकर मजाक उड़ाया और तरह-तरह के मजेदार तंज कसने शुरू कर दिए.
फैन्स ले रहे जमकर मजे
इंटरनेट यूजर्स ने इस वीडियो पर चुटकी लेते हुए कहा कि रिजवान की इस खतरनाक प्रैक्टिस को देखकर दुनिया भर की बाकी टीमों के होश उड़ गए होंगे. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि बाकी टीमों के लिए डरावनी खबर है, लेजेंड मोहम्मद रिजवान अपनी बालकनी में प्रैक्टिस कर रहे हैं... 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में अब उनके कम से कम 7-8 शतक पक्के हैं!
टीम से बाहर चल रहे हैं रिजवान
वहीं एक अन्य यूजर ने मजे लेते हुए लिखा कि चूकिं 2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में है, इसलिए वह मार्बल की पिच पर बैकफुट का गेम सुधारने में लगे हैं. बता दें कि मोहम्मद इस समय पाकिस्तान की नेशनल क्रिकेट टीम का हिस्सा नहीं हैं.
वह हाल ही में इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ खेली गई वनडे ट्राई-सीरीज में भी टीम से बाहर थे. इसके अलावा, इंग्लैंड दौरे के दौरान लॉर्ड्स टेस्ट के बाद सट्टेबाजी और ऑनलाइन जुए की वेबसाइटों से कथित संबंधों की जांच के सिलसिले में उनका मोबाइल फोन जब्त किए जाने के बाद से वह लगातार विवादों और जांच के घेरे में भी बने हुए हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क