पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ का मानना है कि अगर टीम इंडिया को 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतना है, तो विराट कोहली और रोहित शर्मा का टीम में होना बेहद जरूरी है. कैफ ने दोनों दिग्गजों के अनुभव की तुलना फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी से करते हुए कहा कि बड़े टूर्नामेंट सिर्फ युवा खिलाड़ियों के दम पर नहीं जीते जाते, बल्कि अनुभवी खिलाड़ी ही टीम को सही दिशा दिखाते हैं.
हाल के दिनों में रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. दोनों टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. ऐसे में दोनों दिग्गज सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं. उनकी फिटनेस और फॉर्म को लेकर भी चर्चा तेज है. इसी बीच रोहित शर्मा को वनडे टीम से बाहर किए जाने की अटकलों ने बहस को और बढ़ा दिया.
क्रिकबज से बातचीत में मोहम्मद कैफ ने कहा कि साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाला 2027 वर्ल्ड कप आसान नहीं होगा. कैफ ने कहा, '2027 का फेज बहुत अहम होगा. लोग विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर बातें कर रहे हैं, लेकिन यह आसान वर्ल्ड कप नहीं होने वाला. वहां उछाल वाली पिचें होंगी और भारत को इन दोनों खिलाड़ियों की जरूरत पड़ेगी. हम चाहेंगे कि दोनों ज्यादा से ज्यादा मैच खेलें और अच्छी फॉर्म में रहें.'
अनुभवी खिलाड़ी का होना जरूरी: कैफ
मोहम्मद कैफ ने अपनी बात को मजबूत करने के लिए लियोनेल मेसी का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि 39 साल की उम्र में भी मेसी अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल तक ले गए. उन्होंने कहा, 'मेसी ने सेमीफाइनल में गोल नहीं किया, लेकिन दो असिस्ट दिए. यही अनुभव की ताकत होती है. जब टीम में युवा खिलाड़ी होते हैं, तो अनुभवी खिलाड़ी उन्हें सही रास्ता दिखाते हैं और मौके बनाते हैं. जैसे अर्जेंटीना के लिए मेसी हैं, वैसे ही भारत के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा हैं.'
मोहम्मद कैफ का मानना है कि अगर शुभमन गिल की कप्तानी में भारत 2027 वर्ल्ड कप जीतना चाहता है, तो रोहित-कोहली (ROKO) जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी बेहद अहम होगी. उन्होंने कहा, 'चाहे फुटबॉल हो या क्रिकेट, अनुभव की भूमिका हमेशा बड़ी होती है. विराट और रोहित वनडे क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में शामिल हैं. साउथ अफ्रीका जैसी परिस्थितियों में भारत को उनकी 100 प्रतिशत जरूरत होगी.'
2026 में विराट कोहली शानदार लय में नजर आए हैं. उन्होंने 5 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 310 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 62 और स्ट्राइक रेट 102.33 रहा है. वहीं, रोहित शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. उन्होंने 8 वनडे इंटरनेशनल पारियों में 241 रन बनाए हैं. उनका औसत 30.12 और स्ट्राइक रेट 88.60 रहा है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क