16 साल बाद ललित मोदी की घर वापसी! ED केस में राहत मिलते ही भारत लौटने का किया ऐलान

आईपीएल के पहले चेयरमैन ललित मोदी को 2009 आईपीएल-साउथ अफ्रीका FEMA मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है. SAFEMA अपीलीय ट्रिब्यूनल ने ED के अधिकांश निष्कर्ष और जुर्माने रद्द कर दिए. फैसले के बाद ललित मोदी ने कहा कि 16 साल बाद सच सामने आया है और अब वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटेंगे.

Advertisement
ललित मोदी की वापसी की तैयारी, 16 साल बाद कानूनी राहत के बाद किया बड़ा ऐलान (Photo: Screengrab) ललित मोदी की वापसी की तैयारी, 16 साल बाद कानूनी राहत के बाद किया बड़ा ऐलान (Photo: Screengrab)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:24 PM IST

इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) के पहले चेयरमैन ललित मोदी को 2009 आईपीएल-साउथ अफ्रीका FEMA मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है. SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators-Forfeiture of Property-Act) के अपीलीय ट्रिब्यूनल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकांश निष्कर्षों और लगाए गए जुर्मानों को रद्द कर दिया है. फैसले के बाद ललित मोदी ने कहा कि 16 साल से जिस सच की बात वह लगातार करते रहे, अब उस पर अदालत की मुहर लग गई है.

Advertisement

फैसले के बाद ललित मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा- मैं इस फैसले से बेहद खुश हूं. कल का दिन मेरे लिए शानदार रहा. पिछले 16 साल से मैं यह लड़ाई लड़ रहा था. मीडिया और सभी लोगों से मैं जो कुछ कहता रहा, आखिरकार वही सच साबित हुआ. मुझे खुशी है कि ट्रिब्यूनल ने मेरे पक्ष में फैसला सुनाया. 

उन्होंने कहा कि उनका मकसद हमेशा आईपीएल का हित रहा. मेरी चिंता सिर्फ आईपीएल की भलाई को लेकर थी. मेरे लिए इससे बढ़कर कुछ नहीं था. अब वह अध्याय खत्म हो चुका है और मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं. 

भारत वापसी पर ललित मोदी ने कहा कि अब वह देश लौटने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया- मैं इस साल के आखिर तक या फिर अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की प्लान‍िंग कर रहा हूं. अक्टूबर में मेरी बेटी मां बनने वाली है और मैं नाना बनने वाला हूं. उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा और उसके बाद मैं भारत वापस आऊंगा. 

Advertisement

दरअसल, SAFEMA के अपीलीय ट्रिब्यूनल ने 2009 में आईपीएल के दूसरे सीजन को साउथ अफ्रीका में आयोजित किए जाने से जुड़े FEMA मामले में ललित मोदी और अन्य अपीलकर्ताओं को बड़ी राहत दी है. ट्रिब्यूनल ने ED के अधिकांश निष्कर्षों और लगाए गए जुर्मानों को निरस्त कर दिया. यह मामला लंबे समय से लीगल प्रोसेस में था और अब आए इस फैसले को ललित मोदी के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है.

ललित मोदी 2010 में भारत छोड़ने के बाद से विदेश में रह रहे हैं. उन पर वित्तीय अनियमितताओं और FEMA नियमों के उल्लंघन से जुड़े कई आरोप लगे थे. हालांकि, ताजा फैसले के बाद उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि अब वह भारत लौटकर अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करना चाहते हैं.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »