लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. ओलंपिक क्रिकेट के पुरुष और महिला वर्ग के क्वालिफायर जनवरी-फरवरी 2028 में आयोजित किए जाएंगे. क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अक्टूबर में दुबई में हुई बैठकों के बाद अपने सदस्य बोर्डों के साथ वैश्विक टूर्नामेंटों की सूची साझा की है. इसमें क्वालिफायर की तारीखों का जिक्र है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों वर्गों के क्वालिफायर में आठ-आठ देश हिस्सा लेंगे. इन टीमों को ICC के आधार पर अंतिम रूप देगा. क्रिकेट करीब 100 साल से अधिक समय बाद 2028 ओलंपिक में वापसी करेगा.
महिला वर्ग में भारत समेत चार टीमें क्वालिफाई
महिला क्रिकेट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन ने अपनी जगह पक्की कर ली है. इस साल हुए टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन के आधार पर अपने-अपने महाद्वीपों की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीमों के रूप में इन देशों ने क्वालिफाई किया है.
पुरुष वर्ग में अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया की 31 दिसंबर 2026 तक की रैंकिंग के आधार पर टॉप चार टीमें ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करेंगी. मेजबान अमेरिका को पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में हिस्सा लेने के योग्य माना गया है, बशर्ते वह 30 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक चलने वाली क्वालिफिकेशन अवधि में शीर्ष 15 रैंकिंग में जगह बनाए.
अगर अमेरिका 31 दिसंबर 2026 तक रैंकिंग की यह शर्त पूरी नहीं कर पाता है, तो महिला वर्ग में उसकी जगह ICC महिला चैम्पियंस ट्रॉफी 2027 की स्टैंडिंग के आधार पर तय होगी. इसके लिए 1 मार्च 2027 की कट-ऑफ तारीख रखी गई है.
2027 से 2031 के बीच होंगे कई बड़े टूर्नामेंट
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2027 से 2031 के बीच होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के बीच फिलहाल 12 पुरुष, सात महिला और पांच अंडर-19 टूर्नामेंट निर्धारित हैं. इनमें क्वालिफायर भी शामिल हैं. ICC ने 2021 में ही कई बड़े टूर्नामेंटों को अंतिम रूप दे दिया था. हालांकि, अब कई अन्य प्रतियोगिताओं की तारीखें भी तय की गई हैं, जबकि कुछ कार्यक्रमों की जानकारी अभी आनी बाकी है. इसके अलावा, 2029 वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) का फाइनल इंग्लैंड में 8 से 12 जून तक आयोजित किया जाएगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क